तपती धूप और लू से चाहिए राहत? इन हिल स्टेशनों की सैर पर निकलें, मिलेगा ठंडक का सुकून

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ दिन का सुकून पाना है तो मनाली, शिमला, दार्जिलिंग, नैनीताल और मसूरी जैसे खूबसूरत हिल स्टेशन परिवार के साथ घूमने के लिए बेहतरीन विकल्प हैं।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग छुट्टियों की योजना बनाने में जुट जाते हैं। इस समय दिल्ली-एनसीआर और समूचे उत्तर भारत में भीषण गर्मी अपने चरम पर है। ऐसे में अगर आप कुछ दिनों के लिए इस तपन से दूर जाकर सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो किसी हिल स्टेशन का रुख कर सकते हैं। गर्मियों में घूमने के लिए पहाड़ों को सबसे बेहतर माना जाता है। आप अपने परिवार के साथ भारत के सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशनों पर जा सकते हैं। ठंडी हवाएं, मनमोहक पहाड़, चारों ओर फैली हरियाली और शांत वातावरण न सिर्फ शरीर को ठंडक देंगे, बल्कि मन को भी प्रसन्न कर देंगे। यहां आप दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर भरपूर आनंद ले सकते हैं। इन जगहों में शिमला, दार्जिलिंग और मसूरी जैसे देश के कुछ सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन शामिल हैं।

गर्मियों में घूमने के लिए सबसे बढ़िया हिल स्टेशन

मनाली

गर्मी की छुट्टियों में सैर के लिए हिमाचल प्रदेश का मनाली पर्यटकों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। मई और जून के महीनों में भी यहां अच्छी-खासी ठंड बनी रहती है। यहां की ठंडी हवाएं, बर्फ से ढके पहाड़ और मनोरम नजारे आपका मन मोह लेंगे। रोमांच के शौकीन लोगों के लिए तो मनाली एक आदर्श जगह है, जहां आप पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और ट्रैकिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।

शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला अंग्रेजों के दौर में उनका सबसे प्रिय हिल स्टेशन हुआ करता था। यहां आपको ब्रिटिशकालीन वास्तुकला के नमूने देखने को मिलेंगे। गर्मियों में भी यहां का मौसम बेहद सुहावना और खुशनुमा बना रहता है। मॉल रोड, क्राइस्ट चर्च और जाखू मंदिर पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

दार्जिलिंग

अगर आप हरे-भरे पहाड़ों की खूबसूरती देखना चाहते हैं और हल्के कोहरे भरे मौसम का आनंद लेना चाहते हैं तो दार्जिलिंग आपके लिए शानदार विकल्प है। यहां आपको घनी हरियाली और बेहद खूबसूरत चाय के बागान देखने को मिलेंगे। गर्मियों की छुट्टियों के लिए यह एकदम उपयुक्त जगह है। दार्जिलिंग से कंचनजंगा की मनोरम पहाड़ियों का नजारा अपने आप में बेहद सुकून देने वाला होता है। गर्मियों में भी यहां का मौसम ठंडा बना रहता है।

नैनीताल

गर्मियों की सैर के लिए नैनीताल एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है। यहां आप नैनी झील में बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। गर्मियों में भी नैनीताल की रातें ठंडी हो जाती हैं, और अगर बारिश हो जाए तो मौसम और भी सुहाना हो उठता है। यहां के पहाड़ और शहर में घूमने के लिए मौजूद कई जगहें आपको जरूर पसंद आएंगी।

मसूरी

पहाड़ों की रानी कही जाने वाली मसूरी लोगों को बहुत भाती है। यहां तक पहुंचने के लिए शानदार सड़क है, जिससे आप बहुत कम समय में पहुंच सकते हैं। मसूरी का मौसम भी ठंडा रहता है। गर्मियों में यहां के केम्प्टी फॉल्स पर पर्यटकों की खूब भीड़ जुटती है। इसके अलावा यहां भट्टा फॉल्स भी है, जहां आप बच्चों के साथ रोमांच का मजा ले सकते हैं। आसपास घूमने के लिए कुछ व्यू पॉइंट भी मौजूद हैं। मसूरी के लाल टिब्बा से हिमालय की भव्य चोटियों का नजारा दिखाई देता है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/travel/best-hill-station-for-summer-vacation-best-place-to-visit-in-may-june-in-india-2026-05-27-1221134