घर पर मोमोज कैसे बनाएं? जानें ज़रूरी सामग्री और आसान तरीका

मोमोज बनाने में अक्सर आटा या भरावन बिगड़ जाता है। यहां जानिए सही सामग्री, उसकी मात्रा और स्टेप-बाय-स्टेप बनाने की पूरी विधि।

मोमोज एक ऐसा व्यंजन है जो खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का पसंदीदा है। लेकिन कई लोग इसे घर पर ठीक से नहीं बना पाते। कभी इसका आटा सही नहीं बनता तो कभी भरावन में कोई न कोई कमी रह जाती है। असल में, जब सामग्री सही मात्रा में नहीं डाली जाती या कुछ ज़रूरी चीज़ें डालना भूल जाते हैं, तब मोमोज सही तरीके से नहीं बन पाते। आइए जानते हैं कि घर पर मोमोज बनाने के लिए किन-किन चीज़ों की ज़रूरत होती है और इसे बनाने का सही तरीका क्या है।

मोमोज बनाने के लिए किन चीज़ों की ज़रूरत होती है?

मोमोज का आटा तैयार करने के लिए आपको मैदा, नमक, तेल और पानी चाहिए होता है। वहीं इसकी स्टफिंग यानी भरावन के लिए पत्तागोभी, गाजर, प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, काली मिर्च पाउडर, सोया सॉस और नमक की आवश्यकता होती है।

किस सामग्री की कितनी मात्रा चाहिए?

आटे के लिए सामग्री:

  • मैदा का आटा 1 कप
  • नमक स्वादानुसार
  • तेल 1 चम्मच
  • पानी आटा गूंधने के लिए

भरावन के लिए सामग्री:

  • पत्तागोभी 1 कप
  • गाजर ½ कप
  • प्याज 1
  • लहसुन 1 बड़ा चम्मच
  • अदरक 1 छोटा चम्मच
  • हरी मिर्च 1-2
  • काली मिर्च पाउडर आधा छोटा चम्मच
  • सोया सॉस 1 छोटा चम्मच
  • नमक स्वादानुसार
  • तेल 1 बड़ा चम्मच

मोमोज बनाने का तरीका

  • पहला स्टेप: सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें नमक तथा तेल डालकर थोड़ा सख्त आटा गूंध लें। इसके बाद आटे को ढककर 15 मिनट के लिए रख दें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।

  • दूसरा स्टेप: अब एक पैन में तेल गरम करें और उसमें अदरक, लहसुन तथा हरी मिर्च डालकर तड़का लगाएं। जब यह चटकने लगे तो इसमें सारी सब्ज़ियां डालकर तेज़ आंच पर अच्छी तरह पांच मिनट तक पकाएं, ताकि उनका कच्चापन निकल जाए। अंत में नमक, काली मिर्च पाउडर और सोया सॉस मिला दें।

  • तीसरा स्टेप: इसके बाद मैदे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें एकदम पतला बेल लें। हर लोई के बीच में तैयार भरावन रखें और किनारों को मोदक या गुजिया का आकार देते हुए मोड़ लें।

  • चौथा स्टेप: अब एक स्टीमर या बड़ी कड़ाही में पानी उबालें। जाली वाली प्लेट पर हल्का तेल लगाकर उस पर मोमोज रखें और 10-12 मिनट तक भाप में पकने दें।

  • पांचवां स्टेप: आपके गरमा-गरम मोमोज तैयार हैं। इन्हें तीखी लाल चटनी या मेयोनेज़ के साथ परोसें और स्वाद का आनंद लें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/know-the-all-ingredients-of-momos-note-how-to-make-this-recipe-at-home-2026-06-02-1222593