हरियाणा में भी लगेंगे बिजली के स्मार्ट मीटर, जानिए किस तारीख से होगा काम शुरू

हरियाणा सरकार ने 31 अगस्त से राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू करने का भरोसा दिया है। यह फैसला केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में लिया गया।

Haryana Smart Meter: बिजली वितरण प्रणाली को और अधिक आधुनिक तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में हरियाणा ने एक अहम कदम बढ़ाया है। देश के कई अन्य राज्यों की तर्ज पर राज्य सरकार ने 31 अगस्त से स्मार्ट मीटर लगाने का काम आरंभ करने की प्रतिबद्धता जताई है। यह निर्णय केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में आयोजित एक समीक्षा बैठक में लिया गया। ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, बैठक में स्मार्ट मीटरिंग परियोजना की प्रगति का जायजा लिया गया और केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार से इससे जुड़े कार्यों के आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

सरकारी विभागों से शुरुआत का सुझाव

केंद्रीय मंत्री के सुझाव के जवाब में हरियाणा सरकार ने 31 अगस्त से जमीनी स्तर पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू करने का आश्वासन दिया। बैठक में खट्टर ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर को चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने सलाह दी कि इसकी शुरुआत सरकारी विभागों और सरकारी कर्मचारियों से की जाए, इसके बाद 10 किलोवाट से अधिक जुड़े लोड वाले बड़े उपभोक्ताओं को इसमें शामिल किया जाए। इसके साथ ही जो उपभोक्ता स्वेच्छा से प्रीपेड स्मार्ट मीटर अपनाएं, उन्हें उचित प्रोत्साहन देने का सुझाव भी दिया गया।

बिजली क्षेत्र में वित्तीय सुधार पर जोर

मनोहर लाल ने बिजली वितरण कंपनियों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि बिजली एक आर्थिक संसाधन है और बिजली कंपनियों का संचालन व्यावसायिक सिद्धांतों के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने बिजली खरीद की लागत घटाने, खर्चों पर नियंत्रण रखने और राजस्व बढ़ाने की आवश्यकता बताई। बैठक में जानकारी दी गई कि बीते कुछ वर्षों में तकनीकी और व्यावसायिक नुकसान (AT&C Losses) में लगातार सुधार आया है, लेकिन इसे और कम करने के लिए प्रयास जारी रखने होंगे।

स्वचालित भुगतान प्रणाली अपनाने की वकालत

केंद्रीय मंत्री ने सरकारी विभागों के बकाया भुगतान और सब्सिडी का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के लिए स्वचालित भुगतान प्रणाली अपनाने पर भी बल दिया। उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिए कि बिजली नुकसान कम करने से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा किया जाए। बैठक में बिजली की भविष्य की जरूरतों और राज्य के भीतर ट्रांसमिशन नेटवर्क की योजना की भी समीक्षा हुई। मनोहर लाल ने कहा कि लंबित मुद्दों का जल्द हल निकाला जाए और बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप उत्पादन क्षमता में भी बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में हरियाणा के ऊर्जा मंत्री भी रहे मौजूद

इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति का भी आकलन किया गया। केंद्रीय मंत्री ने हरियाणा को इस योजना से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए और कहा कि इससे उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आएगी। बैठक में हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, ऊर्जा मंत्रालय के प्रतिनिधि तथा सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए।

https://www.indiatv.in/haryana/electricity-smart-meters-to-be-installed-in-haryana-find-out-which-date-it-will-begin-2026-06-02-1222614