ग्वालियर में नाबालिग की दरिंदगी: हत्या के बाद शव को पेट्रोल डालकर जलाया, गैंगरेप की आशंका

ग्वालियर की गुप्तेश्वर पहाड़ी पर 15 साल की नाबालिग का बुरी तरह जला हुआ शव मिला, जिसके भिंड के मौ क्षेत्र से 28 मई को लापता किशोरी का होने की आशंका है। पुलिस ने प्रेमी समेत आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और गैंगरेप की भी जांच की जा रही है।

ग्वालियर: जिले में एक किशोरी के साथ बर्बरता का दिल दहला देने वाला मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने 15 साल की एक नाबालिग का संदिग्ध हालत में जला हुआ शव बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि यह शव भिंड के मौ क्षेत्र से लापता हुई उसी किशोरी का है। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले किशोरी के साथ गैंगरेप किया गया। भिंड जिले के मौ क्षेत्र से 28 मई को यह 15 वर्षीय किशोरी लापता हुई थी, जिसकी जानकारी परिजनों ने मौ थाना पुलिस को दी थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

ग्वालियर के सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि सोमवार शाम ग्वालियर के गोल पहाड़िया इलाके में गुप्तेश्वर पहाड़ी पर एक नाबालिग का जला हुआ और क्षत-विक्षत शव मिला। उन्होंने कहा कि शव की पहचान के लिए मौके पर भिंड की मौ थाना पुलिस भी पहुंची थी। मौ पुलिस के अनुसार उनके क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की हाल ही में लापता हुई थी और इस मामले के संदेहियों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर वह घटनास्थल के आस-पास ही मिली थी। यही वजह है कि आशंका है कि बरामद शव उसी नाबालिग का है।

भिंड पुलिस की तफ्तीश में मिला शव

सीएसपी मनीष यादव के मुताबिक यह शव भिंड पुलिस को अपनी जांच के दौरान मिला। पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर संदेही प्रेमी रामू गुर्जर को ग्वालियर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ नाबालिग के संपर्क में था। इसके बाद आरोपियों की मोबाइल लोकेशन के मूवमेंट के आधार पर गोल पहाड़िया इलाके में सर्चिंग करते हुए पुलिस ने नाबालिग का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गैंगरेप की आशंका

बताया जा रहा है कि आरोपी रामू और उसके दो साथियों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने नाबालिग के घर से भागने और साथ में कुछ जेवरात ले जाने की बात कबूल की है। हालांकि पुलिस को इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका है, इसलिए फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शव बुरी तरह जला होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में पहचान स्पष्ट करने के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। फिलहाल ग्वालियर और मौ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

https://www.indiatv.in/crime/goons-killed-a-minor-girl-burnt-her-dead-body-with-petrol-in-gwalior-2026-06-02-1222444