Dividend Stocks: इन 3 कंपनियों के शेयरधारकों की चांदी, हर स्‍टॉक पर मिलेगा ₹75 तक का डिविडेंड

टाटा एलेक्सी, पेट्रोनेट एलएनजी और बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का ऐलान किया है, जिसके तहत प्रति शेयर 75 रुपये तक का फायदा मिल सकता है। रिकॉर्ड डेट से पहले शेयर खरीदने वाले निवेशक भी इसके हकदार होंगे।

शेयर बाजार से कमाई का रास्ता सिर्फ शेयरों के दाम बढ़ने तक सीमित नहीं है। कंपनियां अपने मुनाफे का एक हिस्सा डिविडेंड के रूप में बांटकर भी निवेशकों की जेब भरती हैं। बीते दिनों कई दिग्गज और मिडकैप कंपनियों ने डिविडेंड को लेकर बड़ी घोषणाएं की हैं, जिनसे शेयरधारकों को सीधा लाभ मिलने जा रहा है।

अगर आपके पोर्टफोलियो में टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi), गैस सेक्टर की प्रमुख कंपनी पेट्रोनेट एलएनजी (Petronet LNG) या फिर बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) के शेयर मौजूद हैं, तो आपको बिना किसी मेहनत के प्रति शेयर 75 रुपये तक का फायदा होने वाला है। इसकी वजह यह है कि इन कंपनियों ने अपने शेयरधारकों को डिविडेंड देने का ऐलान किया है।

खास बात यह है कि अगर फिलहाल आपके पास इन कंपनियों के शेयर नहीं भी हैं, लेकिन रिकॉर्ड डेट से पहले आप इन्हें खरीद लेते हैं, तब भी आप डिविडेंड के हकदार बन जाएंगे। ध्यान रहे कि डिविडेंड पाने के लिए रिकॉर्ड डेट के दिन आपका नाम कंपनी के शेयरधारकों के रजिस्टर में दर्ज होना अनिवार्य है।

टाटा एलेक्सी ने दिया सबसे बड़ा तोहफा

इस बार डिविडेंड देने के मामले में टाटा समूह की दिग्गज कंपनी टाटा एलेक्सी सबसे आगे रही है। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 75 रुपये के बंपर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 10 जून 2026 तय की गई है।

एजीएम (AGM) में मंजूरी मिलने के बाद 30 जून 2026 के बाद निवेशकों के खातों में यह रकम ट्रांसफर कर दी जाएगी। टाटा एलेक्सी शानदार रिटर्न के साथ-साथ आकर्षक डिविडेंड देने के लिए भी जानी जाती है।

पेट्रोनेट एलएनजी से भी मिलेगा लाभ

देश की सबसे बड़ी एलएनजी इंपोर्ट और री-गैसिफिकेशन कंपनियों में गिनी जाने वाली पेट्रोनेट एलएनजी ने भी अपने शेयरधारकों को 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 3 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की घोषणा की है। इसकी रिकॉर्ड डेट 12 जून 2026 रखी गई है।

कंपनी की ओर से एजीएम में मंजूरी मिलने के अगले 30 दिनों के भीतर इस डिविडेंड का भुगतान कर दिया जाएगा। पेट्रोनेट एलएनजी मजबूत कैश फ्लो वाली कंपनी मानी जाती है।

सरकारी बैंक की दोहरी खुशखबरी

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने अपने निवेशकों को दोहरी खुशखबरी दी है। बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 1.20 रुपये का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है, जो 12% के बराबर है।

सबसे अहम बात यह है कि यह फाइनल डिविडेंड, पहले दिए जा चुके 1 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड (Interim Dividend) से अलग है। यानी पूरे वित्त वर्ष में निवेशकों को कुल मिलाकर 2.20 रुपये प्रति शेयर का फायदा मिलेगा। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 5 जून 2026 निर्धारित की गई है।

https://hindi.news18.com/news/business/share-market-dividend-stocks-tata-elxsi-petronet-lng-and-bank-of-maharashtra-shareholders-to-get-up-to-rs-75-per-share-ws-l-10534872.html