फ्रांस और सेनेगल का दबदबा
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ताजा मुकाबलों में फ्रांस और सेनेगल की टीमों ने अपने शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया है। एक तरफ जहाँ फ्रांस ने नॉर्वे के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेलते हुए 4-1 से शानदार जीत हासिल की, वहीं दूसरी तरफ सेनेगल ने इराक को 5-0 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही फ्रांस अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर कब्जा करने के बाद टूर्नामेंट के अगले चरण यानी अंतिम-32 में पहुंच गया है। उधर, सेनेगल की टीम ने भी बड़ी जीत के साथ अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। अब सेनेगल की नजरें अन्य ग्रुपों के परिणामों पर टिकी हैं ताकि वे तीसरी सर्वश्रेष्ठ टीमों में अपनी जगह बनाकर नॉकआउट का टिकट पक्का कर सकें।
उस्मान डेम्बेले की जादुई हैट्रिक
फ्रांस और नॉर्वे के बीच हुए इस मुकाबले से पहले फुटबॉल प्रशंसकों को एरलिंग हालैंड और किलियन एम्बाप्पे के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद थी। हालांकि, मैदान पर उस्मान डेम्बेले ने पूरे खेल की पटकथा बदल दी। डेम्बेले ने पहले हाफ में आक्रामक रुख अपनाते हुए नॉर्वे के डिफेंस को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने 7वें, 20वें और 32वें मिनट में लगातार गोल दागकर अपनी शानदार हैट्रिक पूरी की। नॉर्वे की तरफ से 21वें मिनट में थियो आसगार्ड ने एक गोल कर टीम को मैच में बनाए रखने की कोशिश जरूर की, लेकिन फ्रांस का दबदबा पूरे समय कायम रहा। खेल के अंतिम क्षणों में इंजरी टाइम के दौरान 90+4वें मिनट में डिजायर डुए ने गोल कर फ्रांस के स्कोर को 4-1 तक पहुंचा दिया। इस जीत के साथ फ्रांस अब अगले दौर के लिए तैयार है, जबकि नॉर्वे को अपने अगले नॉकआउट मुकाबले में आइवरी कोस्ट का सामना करना होगा।
सेनेगल की बड़ी जीत और उम्मीदें
इराक के खिलाफ मैच में सेनेगल के लिए केवल जीतना ही काफी नहीं था, बल्कि उन्हें बेहतर गोल अंतर की भी दरकार थी। टीम ने मैच के चौथे मिनट में ही हबीब डियारा के गोल की मदद से अपनी मंशा साफ कर दी थी। मैच के 13वें मिनट में इराक के लिए स्थिति तब और खराब हो गई जब रेबिन सुलाका को रेड कार्ड का सामना करना पड़ा। एक खिलाड़ी कम होने के कारण इराक का डिफेंस बिखर गया। पहले हाफ में सेनेगल 1-0 से आगे था, लेकिन दूसरे हाफ में उन्होंने गोल की झड़ी लगा दी। इस्माइला सार ने 56वें मिनट में दूसरा गोल किया, जिसके बाद पापे गुएए ने 59वें और 71वें मिनट में दो और गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंत में 82वें मिनट में इलिमान एनडियाये ने पांचवां गोल कर इराक की हार सुनिश्चित कर दी। इस 5-0 की जीत ने सेनेगल के गोल अंतर को काफी बेहतर कर दिया है, जो उन्हें नॉकआउट में पहुंचने में बड़ी मदद कर सकता है।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/ousmane-dembele-hits-hat-trick-as-france-thrash-norway-4-1-in-fifa-world-cup-big-win-for-senegal-too-2026-06-27-1227603