आज के समय में फैशन और रेडीमेड कपड़ों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में जो लोग सीमित पूंजी के साथ अपना खुद का कारोबार खड़ा करना चाहते हैं, उनके लिए टी-शर्ट और ट्राउजर का रिटेल बिजनेस एक मजबूत विकल्प साबित हो सकता है। युवा महज 40,000 रुपये की शुरुआती पूंजी लगाकर इस काम से नियमित आमदनी कमा सकते हैं। बोकारो के जावेद बीते 10 सालों से एमजे फैशन मेंसवेयर नाम की दुकान चला रहे हैं और उन्होंने इस कारोबार से जुड़ी अहम बातें साझा की हैं।
कितनी पूंजी की जरूरत
जावेद के मुताबिक, इस कारोबार को खड़ा करने के लिए सबसे पहले करीब 40 हजार रुपये की पूंजी चाहिए होती है। इसमें 5,000 रुपये दुकान के किराये पर, 3,000 रुपये इंटीरियर पर और 2,000 रुपये हैंगर तथा बैग्स पर खर्च होते हैं। बाकी 30 हजार रुपये से 250 यूनिट टी-शर्ट और ट्राउजर का स्टॉक खरीदा जा सकता है। अगर किसी के पास इससे ज्यादा पूंजी है, तो वह प्रिंटर लगाकर बड़े पैमाने पर कस्टमाइज टी-शर्ट प्रिंटिंग का काम भी शुरू कर सकता है।
बड़े शहरों से करें माल की खरीदारी
शुरुआती दौर में बड़े थोक बाजारों से सामान खरीदना ज्यादा फायदेमंद रहता है। इसके लिए दिल्ली का गांधीनगर, नोएडा और लुधियाना जैसे बाजार अच्छे विकल्प माने जाते हैं। यहां बड़े सप्लायरों से कम दाम पर बेहतर गुणवत्ता का माल मिल जाता है, जिससे मुनाफे की गुंजाइश काफी बढ़ जाती है।
किस सामान में कितना मुनाफा
जावेद बताते हैं कि थोक बाजार में सामान्य टी-शर्ट 100 रुपये से 180 रुपये तक मिल जाती है, जिसे पैकेजिंग, ब्रांडिंग और सीजन के हिसाब से 250 रुपये से 300 रुपये तक बेचा जा सकता है। यानी एक टी-शर्ट पर करीब 70 रुपये से 150 रुपये तक का फायदा होता है। वहीं ट्राउजर को 250 रुपये से 400 रुपये में खरीदकर 500 रुपये से 700 रुपये तक बेचा जा सकता है, जिससे प्रति पीस 100 रुपये से 300 रुपये तक का लाभ मिलता है।
कितनी कमाई की उम्मीद
इस तरह टी-शर्ट और ट्राउजर के कारोबार में औसतन 40% से 60% तक का मार्जिन मिल सकता है। अगर कोई दुकानदार हर दिन 8 से 10 पीस बेचता है और औसतन 150 रुपये प्रति पीस का शुद्ध लाभ माना जाए, तो महीने में करीब 35,000 रुपये का मुनाफा कमाया जा सकता है।
आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया मार्केटिंग भी बेहद जरूरी हो गई है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर दुकान का प्रचार करके सीधे ग्राहकों तक पहुंचा जा सकता है। समय-समय पर डिस्काउंट ऑफर और नए कलेक्शन की जानकारी साझा करने से बिक्री में इजाफा होता है।
इन बातों का रखें ध्यान
आखिर में जावेद सलाह देते हैं कि शुरुआत में जरूरत से ज्यादा स्टॉक न रखें और हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद ही बेचें। मौसम के अनुसार स्टॉक तैयार किया जाए, तो इस कारोबार को और बड़ा बनाया जा सकता है। शुरुआत में जमने और ग्राहकों का भरोसा जीतने में थोड़ा समय जरूर लगता है, लेकिन एक बार बाजार में विश्वास बन जाने पर लोग बार-बार खरीदारी के लिए आते हैं।
https://hindi.news18.com/news/jharkhand/bokaro-how-to-start-tshirt-trouser-retail-business-with-40000-local18-ws-l-10539004.html