उज्जैन: मोहर्रम जुलूस में कार विस्फोट के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान कार में धमाका करने के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों का जुलूस निकालकर उनकी हेकड़ी निकाली है।

बड़नगर में स्टंट पड़ा भारी

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक कार को क्रेन से हवा में लटकाकर उसमें विस्फोट करने का मामला सामने आया है। इस घटना ने प्रशासन और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। 23 जून की रात को हुए इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने अब सख्त कदम उठाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सजा के तौर पर पुलिस ने इन आरोपियों को सड़क पर ले जाकर उनका जुलूस भी निकाला।

प्रशासन की अनुमति के बिना हुआ था स्टंट

बड़नगर के थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने जानकारी दी कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में यह सामने आया है कि आयोजकों को केवल जुलूस निकालने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उन्होंने बिना किसी प्रशासनिक मंजूरी के कार में विस्फोट जैसा खतरनाक स्टंट किया। पुलिस का कहना है कि यह सब केवल भीड़ जुटाने और सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए किया गया था।

BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कारणदीप सिंह के अनुसार, इस पूरे मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 285, 287 और 288 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार के भीतर कोई शक्तिशाली विस्फोटक नहीं था। धमाके का दृश्य दिवाली पर इस्तेमाल होने वाली आतिशबाजी (रॉकेट) के कारण बना। कार बंद होने की वजह से उसके भीतर दबाव बढ़ा और कांच टूटने से विस्फोट जैसा धमाका हुआ।

वायरल वीडियो और विवाद

जुलूस के दौरान जो कार इस्तेमाल की गई थी, उस पर लो आ गए हम लिखा हुआ था। घटना के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट पर खूब वायरल हुईं, जिनमें लोग झंडे लहराते हुए और कार को हवा में लटकाकर विस्फोट करते दिख रहे हैं। आयोजकों को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला कोई काम न करें, बावजूद इसके नियमों का उल्लंघन किया गया। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है और आगे भी कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/ujjain-muharram-procession-explosion-police-arrest-accused-register-fir-case-local18-10602732.html