आशीर्वाद की तूफानी बल्लेबाजी से गूंजा मैदान
भारतीय क्रिकेट में अपनी धाक जमाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के परिवार से एक और शानदार खबर सामने आई है। समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय मैच के दौरान उनके 10 साल के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने अपने बल्ले का जौहर दिखाया। आशीर्वाद ने महज 119 गेंदों का सामना करते हुए 168 रनों की आक्रामक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाते हुए 19 चौके और 6 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 141.18 का रहा, जिसने खेल प्रेमियों को खासा प्रभावित किया है।
मैच का रोमांच और रिकॉर्ड
यह मुकाबला ऋषभ-11 और रौशन-11 की टीमों के बीच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऋषभ-11 ने आशीर्वाद की शानदार बल्लेबाजी के दम पर निर्धारित 40 ओवरों में 7 विकेट खोकर 311 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। आशीर्वाद की यह पारी कोई इत्तेफाक नहीं है, क्योंकि इससे कुछ ही दिन पहले उन्होंने एक अन्य मैच में 87 गेंदों पर 103 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 20 चौके और 1 छक्का लगाया था।
वैभव सूर्यवंशी का भावुक संदेश
अपने भाई की इस बड़ी सफलता पर वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर की। उन्होंने आशीर्वाद की तस्वीर और स्कोरकार्ड साझा करते हुए लिखा, मुझे तुम पर गर्व है, मेरे छोटे भाई। ऐसे ही चमकते रहो और हमें हर दिन गौरवान्वित करते रहो। वैभव का यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और प्रशंसक मान रहे हैं कि सूर्यवंशी परिवार से भारतीय क्रिकेट को दो बड़े सितारे मिल सकते हैं।
टीम इंडिया में वैभव का डेब्यू
वैभव सूर्यवंशी खुद इस समय चर्चा में हैं। महज 15 साल की उम्र में उन्हें भारतीय सीनियर टीम के स्क्वाड में जगह मिली है। आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी दौरे के लिए उन्हें चुना गया है। क्रिकेट के जानकारों के अनुसार, 26 जून से बेलफास्ट में शुरू होने वाली टी20 सीरीज के दौरान वैभव को भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। बेलफास्ट के मैदान पर उनके पदार्पण पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं।
https://hindi.news18.com/cricket/vaibhav-sooryavanshi-said-proud-of-you-my-little-brother-ashirvad-keep-shining-and-making-us-proud-every-day-ws-n-10600643.html