ससुराल को ही बनाया निशाना
बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने दामाद और ससुराल के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। यहां एक दामाद ने अपने ससुराल में ही बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने घर में रखे 22 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दामाद सोहनलाल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे रची गई साजिश
खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि पीड़ित परिवार ने घर के संदूक से 22 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों से जानकारी जुटाई, तो शक की सुई घर के जवाई पर आकर रुकी। जांच में पता चला कि आरोपी सोहनलाल ने ही ससुराल की पूरी रेकी की थी और उसे पता था कि घर में मोटी रकम कहां रखी है।
साथियों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपी जवाई ने इस पूरी घटना को अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने जिन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें 20BD निवासी बूटा सिंह और दुलीचंद नायक शामिल हैं। इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से घर में घुसकर संदूक से पूरी रकम पार कर दी थी।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस की मुस्तैद टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराई गई राशि में से 13 लाख 35 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से बाकी की रकम बरामद करने और मामले के अन्य पहलुओं को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।
https://hindi.news18.com/news/crime/son-in-law-arrested-theft-sural-twenty-two-lakhs-khajuwala-bikaner-10598183.html