पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक गुरुद्वारे के भीतर हुए सिख दंपति के दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मर्दन जिले में हुई इस वारदात के मुख्य संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको बता दें कि इस बुजुर्ग सिख दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद भारत में कई नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
मृतकों की पहचान जगन्नाथ और उनकी पत्नी अस्मा वंती के तौर पर हुई है। यह दंपति पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित मर्दन जिले के बाबू मोहल्ला के एक गुरुद्वारे में सेवादार थे और वहीं रहते थे। बुधवार को गुरुद्वारे के अंदर ही उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी।
मुख्य संदिग्ध की गिरफ्तारी
गुरुवार को मर्दन के डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर (डीपीओ) मसूद अहमद बंगश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के मुख्य संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है। संदिग्ध की पहचान शेर शाह के रूप में हुई है, जो अमजुगरी का रहने वाला है।
आतंकी कनेक्शन का कोई सबूत नहीं
डीपीओ बंगश ने आगे जानकारी दी कि पुलिस अधिकारियों, काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट के सदस्यों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की एक जॉइंट इन्वेस्टिगेशन टीम (जेआईटी) इस मामले की जांच कर रही है। अब तक की जांच में संदिग्ध का किसी भी प्रतिबंधित संगठन, आतंकवादी संगठन या किसी संगठित नेटवर्क से जुड़े होने का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हत्याओं के पीछे का मकसद अभी पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है। अधिकारी संदिग्ध के बयानों और अब तक जुटाए गए अन्य सभी सबूतों के आधार पर हर संभावित पहलू से जांच कर रहे हैं।
भारतीय नेताओं ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस हत्याकांड पर भारत में भी कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। बीजेपी नेता चरुण चुघ और अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की थी। जत्थेदार गड़गज ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल खान अफरीदी से घटना का गंभीर संज्ञान लेने और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने का आग्रह किया था। दोनों भारतीय नेताओं ने अल्पसंख्यकों और उनके मानवाधिकारों की रक्षा करने में पाकिस्तान सरकार की विफलता पर गंभीर चिंता जताई थी।
https://www.indiatv.in/world/asia/pakistan-gurudwara-sikh-couple-murder-case-prime-suspect-arrested-2026-06-19-1226033