बेंगलुरु में पारिवारिक कलह का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने एक वकील को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और फिर मकान के गेट पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी मिलते ही वकील ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी। वकील की ओर से उपलब्ध कराए गए पते के आधार पर शेषाद्रिपुरम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि मकान बाहर से बंद था और उसकी चाबी खिड़की के पास रखी हुई थी। मकान मालिक रमेश बाबू से संपर्क करने के बाद पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया, जहां अंदर एक महिला का शव पड़ा मिला।
14 जून को किराये के मकान में हुई वारदात
रिपोर्ट के अनुसार यह घटना 14 जून को मल्लेश्वरम के सेवन क्रॉस स्थित एक किराये के मकान में हुई। आरोप है कि पत्नी की हत्या के बाद शरत ने एक वकील को फोन किया। उसने 20 साल की अनुषा की हत्या की और इसके बाद फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक शरत और अनुषा मूल रूप से हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे। दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वे लगभग छह महीने पहले मल्लेश्वरम के इस एक बेडरूम वाले मकान में रहने आए थे।
आए दिन होता था दोनों के बीच झगड़ा
मकान मालिक रमेश बाबू ने अपनी शिकायत में बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे। शरत स्थानीय निवासी महादेव की पानी के टैंकर कंपनी में चालक के तौर पर काम करता था। महादेव ने ही इस दंपति की सिफारिश कर उन्हें किरायेदार के रूप में यह मकान दिलाया था। पुलिस को आशंका है कि घरेलू विवाद ही इस हत्या की असली वजह बना।
परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। भागते समय आरोपी गेट पर ताला लगाकर चाबी वहीं फेंक गया था। पुलिस दोनों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि मामले से जुड़ी और जानकारी मिल सके। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस वारदात के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
https://hindi.news18.com/news/nation/karnataka-bengaluru-family-dispute-man-strangled-wife-to-death-know-here-10579542.html