श्रीलंका में चल रही ट्राई सीरीज के अपने चौथे मुकाबले में भी इंडिया ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अर्धशतक से चूक गए, लेकिन इस बार उन्होंने बल्ले के बजाय अपनी फील्डिंग से सबका दिल जीत लिया। महज 15 साल के इस खिलाड़ी ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ करो या मरो जैसे मुकाबले में एक शानदार कैच लपककर अपनी फिटनेस पर सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया।
कैसे लिया गया हैरतअंगेज कैच
अफगानिस्तान की पारी का छठा ओवर अंशुल कांबोज लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर खालिद तानीवाल ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया, मगर गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर हवा में उछल गई। मिडविकेट पर तैनात वैभव ने पहले हवा में जंप लगाकर गेंद को रोकना चाहा, लेकिन गेंद उनकी हथेलियों से छिटककर पीछे की ओर गिरने लगी।
जैसे ही वैभव को महसूस हुआ कि गेंद उनके पीछे जा रही है, उन्होंने चीते जैसी फुर्ती दिखाई। उन्होंने हवा में ही पीछे की ओर घूमते हुए एक लंबी छलांग लगाई और जमीन से कुछ ही इंच ऊपर अपने दाएं हाथ से गेंद को बेहतरीन तरीके से लपक लिया। इस तरह तानीवाल की 10 गेंदों में 13 रन की पारी का अंत हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वैभव के इस अद्भुत कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिन लोगों ने पहले उनकी फिटनेस और चपलता का मजाक उड़ाया था, अब वही उनकी तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं। प्रशंसकों का कहना है कि यह सिर्फ एक कैच नहीं, बल्कि उन सभी सवालों का जवाब था जो उनकी फिटनेस को लेकर खड़े किए जा रहे थे।
https://hindi.news18.com/cricket/vaibhav-sooryavanshi-proves-fitness-with-mind-blowing-catch-watch-video-india-a-vs-afghanistan-a-odi-tri-series-10579355.html