इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती बनी प्यार, लिव-इन के बाद एक झगड़े में चली गई अनुषा की जान

बेंगलुरु के मल्लेश्वरम में 27 वर्षीय युवक ने अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर अनुषा की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी और करीब छह महीने से वे साथ रह रहे थे।

बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 27 वर्षीय युवक पर अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से जारी मनमुटाव ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद युवक ने युवती का गला घोंटकर उसकी जान ले ली।

कौन थे आरोपी और मृतका

मृतका की पहचान अनुषा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम शरद बताया जा रहा है। दोनों मूल रूप से कर्नाटक के हासन जिले के सकलेशपुर के निवासी थे। आरोपी शरद बेंगलुरु शहर में पानी के टैंकर का चालक था।

इंस्टाग्राम पर पनपा प्यार

पुलिस जांच में पता चला है कि शरद और अनुषा की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। शुरुआती दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में तब्दील हो गई। करीब छह महीने पहले दोनों मल्लेश्वरम इलाके में किराए के एक मकान में साथ रहने लगे थे।

झगड़े ने ले लिया हिंसक रूप

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शरद ने कथित तौर पर अनुषा का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दो दिन बाद हुआ खुलासा

इस वारदात का खुलासा घटना के दो दिन बाद उस समय हुआ, जब शरद ने कथित तौर पर अपने वकील को पूरे मामले की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को भांपते हुए वकील ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सेशाद्रिपुरम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद आरोपी की तलाश की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस शरद से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस हत्या के पीछे केवल आपसी विवाद था या कोई अन्य वजह भी छिपी हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

https://hindi.news18.com/news/crime/fell-in-love-with-a-water-tanker-driver-on-instagram-started-living-together-a-quarrel-claimed-anusha-life-10577637.html