उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। किसी इलाके में बारिश हो रही है तो कहीं तेज धूप निकली हुई है। कुछ जगहों पर आंधी का असर है, जबकि कुछ हिस्से पूरी तरह सूखे पड़े हैं। अब धीरे-धीरे मानसून का समय करीब आ रहा है, लेकिन इससे बहुत राहत की उम्मीद रखना जल्दबाजी होगी, क्योंकि इस बार मानसून अपने तय समय से देरी से आगे बढ़ रहा है। आइए जानते हैं कि 17 जून यानी बुधवार को प्रदेश का मौसम कैसा रहने वाला है और मानसून में देरी की असली वजह क्या है।
बुधवार 17 जून को चढ़ सकता है पारा
फिलहाल उत्तर प्रदेश में मौसम की सटीक तस्वीर पेश कर पाना मुश्किल बना हुआ है। हाल यह है कि एक ही जिले के दो अलग-अलग इलाकों में मौसम का अंतर साफ नजर आ रहा है। कहीं अचानक बारिश हो जाती है तो उसी जिले के दूसरे हिस्से में सूखे जैसे हालात हैं। बुधवार की बात करें तो अधिकांश जिलों में धूप बनी रहेगी और उमस लोगों को परेशान करती रहेगी। इस दिन तापमान 41 से 46 डिग्री के आसपास रह सकता है। यहां तक कि रात के समय भी पारा 29 से 34 डिग्री के बीच बना रहने का अनुमान है।
पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी के आसार
इस दौरान कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं, मगर बारिश की संभावना कम ही दिख रही है। हां, इतना जरूर है कि प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है। बुधवार का दिन बेहद गर्म रहने वाला है और लगभग हीटवेव जैसे हालात बने रहेंगे। अभी मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। कुछ जगहों पर प्री-मानसून की बारिश जरूर हो रही है, लेकिन यह थोड़ी ही देर में थम जाती है। यही वजह है कि बारिश के बाद राहत मिलने के बजाय उमस और बढ़ जाती है।
जून के अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश की संभावना
आमतौर पर उत्तर प्रदेश में 18 से 20 जून के आसपास मानसून दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग है। मानसून के लिए बादलों और हवाओं का जो तालमेल जरूरी होता है, वह अभी थोड़ा कमजोर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाला सिस्टम अब तक नहीं बन पाया है, जिसके चलते बारिश कम हो रही है। पहले जो मानसून 20 जून तक पूरे प्रदेश में फैल जाता था, इस बार वह जून के आखिरी सप्ताह में पहुंचेगा। यानी 27 से 28 जून तक अच्छी बारिश की उम्मीद की जा सकती है। इससे पहले हल्की बारिश ही होगी, जिससे ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-weather-forecast-kaisa-rahega-17-june-ko-uttar-pradesh-ka-mausam-2026-06-16-1225475