मसूरी में होमस्टे के कमरे में खून से लथपथ मिली युवती का शव, पास पड़ी थीं शराब की बोतलें; सात महीने पहले हुई थी शादी

उत्तराखंड के मसूरी में पति के साथ घूमने आई 27 वर्षीय युवती की होमस्टे के कमरे में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नाक से खून बहता और कमरे में खाली शराब की बोतलें मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में अपने पति के साथ घूमने आई एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां युवती का शव कमरे में फर्श पर नग्न अवस्था में पड़ा मिला। कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। मृतका की नाक से खून बह रहा था और फर्श पर यूरिन भी फैला हुआ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पति और पत्नी दोनों अलग-अलग आईटी कंपनियों में कार्यरत थे।

होमस्टे के कमरे में पड़ा मिला शव

पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम के जरिए कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि टिपरीधार स्थित कियाना होम स्टे के एक कमरे में ठहरे दंपती में से महिला की हालत गंभीर है और वह किसी प्रकार की हलचल नहीं कर रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर 08 एंबुलेंस को भी बुलाया गया। एंबुलेंस में मौजूद फार्मासिस्ट राकेश कुमार ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली से घूमने पहुंचे थे दंपती

मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) के रूप में हुई है। वह अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश आई थी। यहां से 14 जून की रात करीब 11:30 बजे दोनों होम स्टे पहुंचे थे। दोनों ने रात में शराब का सेवन किया और देर रात लगभग 3:30 बजे "ब्लीस" नामक कमरे में सो गए। पति का कहना है कि सुबह उठने पर उसने देखा कि पत्नी की नाक से खून बह रहा था और यूरिन भी निकला हुआ था।

दोनों आईटी कंपनी में थे कार्यरत

पुलिस ने बताया कि मृतका फर्श पर नग्न अवस्था में लेटी हुई पाई गई और बेड की चादर पर खून फैला हुआ था। कमरे में दो खाली शराब की बोतलें तथा खाने-पीने का सामान भी रखा था। पति ने बताया कि रात में दोनों ने शराब पी थी। दोनों की शादी 08 नवम्बर 2025 को हुई थी। मृतका गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करती थी, जबकि उसका पति पुणे की आईटी कंपनी में कार्यरत है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने कमरे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराते हुए आवश्यक सैंपल कब्जे में लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने का भी आग्रह किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के सास-ससुर मौके पर पहुंच गए, वहीं उसके माता-पिता को भी जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार मूल रूप से विशाखापट्टनम के रहने वाले हैं। पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

https://www.indiatv.in/india/national/woman-dead-body-found-in-homestay-who-went-mussoorie-with-husband-2026-06-16-1225468