सेहतमंद रहने के लिए शरीर के हर जोड़ का सक्रिय रहना जरूरी है। कंधे खुलें, घुटने चलें, कमर हरकत में रहे और मांसपेशियों में रक्त का प्रवाह तेज बना रहे, तभी शरीर ठीक से काम करता है। इन्हीं जोड़ों में एक ऐसा भी है, जिसका इस्तेमाल हम दिन में हजारों बार करते हैं, फिर भी उसकी कसरत करना भूल जाते हैं। यह है चेहरे का सबसे व्यस्त जोड़ यानी जबड़ा। इसी से हम बोलते हैं, चबाते हैं, हंसते हैं और जम्हाई लेते हैं। लेकिन जब मुंह खोलते समय क्लिक जैसी आवाज आने लगे, चबाने में दर्द हो या जबड़ा अटकने लगे, तो इसे मामूली परेशानी समझना भूल होगी। यह शरीर की एक चेतावनी है, जिसे मेडिकल भाषा में TMD यानी टेम्पोरोमैंडिबुलर डिसऑर्डर कहा जाता है।
आखिर क्या है टीएमडी
यह जोड़ (TMJ) कान के पास स्थित होता है और जबड़े की हड्डी को खोपड़ी से जोड़ने का काम करता है। इसमें खराबी आने पर जबड़े में दर्द, अकड़न, सिरदर्द, कान दर्द और मुंह खोलने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं। दिक्कत यह है कि ज्यादातर लोग इसे दांत दर्द, कान दर्द, साइनस या माइग्रेन मानकर टाल देते हैं। यही वजह है कि करीब 25% लोगों में TMJ से जुड़े हल्के लक्षण नजर आते हैं, और इनमें से करीब 60% को इलाज की जरूरत पड़ती है।
जबड़े के दर्द को नजरअंदाज न करें
WHO के अनुसार TMD दुनिया की 15% आबादी को अपनी चपेट में ले सकता है। इसकी असली वजहें हमारी रोजमर्रा की आदतों में ही छिपी होती हैं। तनाव में दांत भींचना, नींद में दांत पीसना और मोबाइल या लैपटॉप पर लगातार झुकी रहने वाली गर्दन, ये सब जबड़े को नुकसान पहुंचाते हैं। जब जबड़े की मांसपेशियां लंबे समय तक कसी रहती हैं, तो वहां के रक्त प्रवाह पर भी असर पड़ता है। ऑक्सीजन कम पहुंचने से दर्द और अकड़न और बढ़ सकती है।
टीएमजे के कारण और लक्षण
दरअसल TMJ केवल दांत या कान की बीमारी नहीं है। यह मांसपेशियों, नसों, शरीर की मुद्रा, तनाव और रक्त प्रवाह, इन सबके मिले-जुले असर से जुड़ा है। इसी कारण कई लोगों को जबड़े के दर्द के साथ-साथ गर्दन की जकड़न, कान में घंटी जैसी आवाज, सिरदर्द, चक्कर और दांत दर्द जैसा एहसास भी होता है।
राहत की बात यह है कि हर मामले में सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ती। अगर लक्षणों की पहचान जल्दी हो जाए तो सही एक्सरसाइज, तनाव पर नियंत्रण और सही पॉश्चर अपनाकर इस तकलीफ से आराम पाया जा सकता है।
https://www.indiatv.in/health/360-million-indians-suffer-from-this-dangerous-temporomandibular-joints-condition-clenching-the-teeth-is-main-symptom-2026-06-16-1225334