नागपुर की महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण-निकाह का आरोप; दो गिरफ्तार, मौलाना फरार

नागपुर के सोनेगांव थाना क्षेत्र में एक सैन्यकर्मी की पत्नी को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल और मध्य प्रदेश ले जाकर जबरन धर्मांतरण व निकाह का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कलमा पढ़ाने वाला मौलाना फरार है।

नागपुर के सोनेगांव थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और फिर धर्मांतरण के लिए दबाव डालने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने इस सिलसिले में कलमेश्वर निवासी अय्याज ताज मदारे और अमीन शेख को हिरासत में लिया है, जबकि तामिया (मध्य प्रदेश) निवासी हजरत मौलाना फिलहाल फरार है। मौलाना की तलाश में नागपुर पुलिस की टीम तामिया पहुंची हुई है।

प्रॉपर्टी डील का झांसा देकर होटल बुलाया

पीड़िता का पति सेना में कार्यरत है और किसी अन्य शहर में तैनात है। पीड़िता खुद प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। शिकायत के अनुसार, फरवरी 2025 में आरोपी ने प्लॉट खरीदने का बहाना बनाकर उससे संपर्क किया और नागपुर के एक होटल में बुलाया। पीड़िता ने थाने में बताया कि आरोपी ने जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो तथा फोटो बना लिए।

शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर

सोनेगांव थाने के पुलिस निरीक्षक राहुल तसरे ने बताया कि 13 जून को पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और तीसरे की तलाश जारी है।

अंध श्रद्धा निर्मूलन कानून के तहत भी कार्रवाई

पुलिस ने इस प्रकरण में महाराष्ट्र अंध श्रद्धा निर्मूलन कानून के तहत भी मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी के साथ-साथ उसकी मदद करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बचपन के परिचित, इंस्टाग्राम पर दोबारा संपर्क

पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और एक ही गांव में पड़ोसी रहे थे। साल 2024 में पीड़िता की शादी हुई और इसके बाद दोनों की दोबारा मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई। आरोपी को मालूम था कि पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है, इसलिए उसने एक डील की मीटिंग का बहाना बनाकर उसे होटल बुलाया और वहीं उसका शारीरिक शोषण किया।

पीड़िता ने पुलिस को सौंपा वीडियो

पुलिस निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ एक वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है, जिसमें मुख्य आरोपी उस पर काले जादू जैसी कोई क्रिया करता दिख रहा है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल और वह वीडियो जब्त कर लिया है।

कलमा पढ़ाकर कराया गया निकाह

पीड़िता के अनुसार, उसे छिंदवाड़ा के तामिया नामक स्थान पर ले जाया गया। वहां मुस्लिम रीति-रिवाज के तहत उस पर कलमा पढ़ा गया और उसी जगह उसका निकाह करा दिया गया। पीड़िता का कहना है कि इस निकाह के लिए उसकी सहमति नहीं थी। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

धर्मांतरण के बाद जबरन खिलाया गया बीफ

पुलिस ने नागपुर से एक टीम तामिया गांव भेजी है ताकि वहां की पूरी स्थिति की पड़ताल की जा सके। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तामिया में एक मौलाना मौजूद था, जिसने कलमा पढ़ाया। धर्मांतरण और निकाह के बाद उसे बीफ भी खिलाया गया। जब उसने कहा कि वह मांसाहार करती है, लेकिन इसका स्वाद अलग है, तब मुख्य आरोपी ने बताया कि वह बीफ है।

https://www.indiatv.in/maharashtra/forced-conversion-and-nikah-in-chhindwara-nagpur-woman-raped-and-blackmailed-2-arrested-maulana-absconding-2026-06-16-1225355