इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से चर्चा बटोरने वाले वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए की जर्सी में उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। श्रीलंका में जारी ट्राई वनडे सीरीज में इस युवा बल्लेबाज का बल्ला अब तक खामोश ही नजर आया है। आईपीएल में दिग्गज गेंदबाजों की धुनाई करने वाले इस खिलाड़ी को छोटे स्कोर पर पवेलियन लौटते देख प्रशंसकों के बीच चिंता गहरा गई है।
तीनों मैचों में निराशाजनक रहा प्रदर्शन
सीरीज के पहले दो मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे वैभव तीसरे मैच में 21 रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका ए के स्पिनर सहान अराच्चिगे की गेंद पर वे वानुजा सहान के हाथों कैच थमा बैठे। दरअसल सूर्यवंशी पहले ही ड्राइव खेलने के लिए आगे बढ़ चुके थे, लेकिन गेंद बल्ले के बीच में नहीं लगी और पॉइंट की दिशा में चली गई, जहां उन्हें लपक लिया गया।
यह इंडिया ए के इस दौरे का तीसरा मुकाबला था और वैभव अपने नाम के अनुरूप खेल नहीं दिखा सके हैं। पहले मैच में श्रीलंका ए के विरुद्ध वे 14 गेंद में सिर्फ 12 रन बना सके थे और तब भी इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को मिड-ऑफ पर कैच आउट किया गया था। अफगानिस्तान ए के खिलाफ दूसरे मुकाबले में उन्होंने 22 गेंद में 44 रन की तेज पारी जरूर खेली, मगर अब्दुल्ला अहमदजई की शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर के हाथों लपके गए।
आखिर क्यों नहीं चल रहा वैभव का बल्ला
टी20 प्रारूप में गजब की बल्लेबाजी करने वाले वैभव वनडे में संघर्ष करते दिख रहे हैं, जबकि अंडर-19 स्तर पर इसी फॉर्मेट में उन्होंने शानदार खेल दिखाया था। सीनियर क्रिकेट में कदम रखते ही उनके सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इसके पीछे एक बड़ी वजह फॉर्मेट को लेकर उनके मन में चल रहा असमंजस मानी जा रही है। टी20 में जिस अंदाज में वे बल्लेबाजी करते हैं, वही उनका स्वाभाविक खेल है, जबकि वनडे में वे संभलकर खेलने की कोशिश में उलझते नजर आ रहे हैं।
एक और कारण उनके भीतर का अति आत्मविश्वास हो सकता है। ऐसा लगता है कि वे श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के गेंदबाजों को कमतर आंकने की गलती कर रहे हैं। दूसरी ओर, गेंदबाज उनके पुराने वीडियो देखकर बेहतर रणनीति के साथ मैदान में उतर रहे हैं और उनकी कमजोरी पर निशाना साधकर विकेट हासिल करने में सफल हो रहे हैं।
वैभव खुद कह चुके हैं कि वे किसी मैच से पहले किसी गेंदबाज को लेकर होमवर्क नहीं करते। संभवतः यही आदत उन्हें भारी पड़ रही है। सीनियर क्रिकेट में विरोधी गेंदबाजों के खिलाफ बनाई गई रणनीति बेहद काम आती है और उन्हें इस पहलू पर मेहनत करनी होगी।
रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो चुका है नाम
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट में तेजी से उभरे हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए सीनियर टीम में भी शामिल किया जा चुका है। 15 साल और 71 दिन की उम्र में वे सीनियर टीम में जगह बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्हें 16 साल की उम्र में भारतीय टीम में चुना गया था।
https://hindi.news18.com/cricket/ind-a-vs-sl-a-vaibhav-sooryavanshi-why-flop-in-sri-lanka-tri-series-know-the-reason-behind-10573964.html