बिहार को मिलेगा दूसरा वर्ल्ड क्लास स्टेडियम, गया में बनेगा राजगीर से भी बड़ा अंतर्राष्ट्रीय मैदान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी के खिजरसराय में राजगीर से भी बड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने की घोषणा की है, जिसके लिए राज्य सरकार 40 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी।

बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। राजगीर के बाद अब राज्य को अपना दूसरा वर्ल्ड क्लास स्टेडियम मिलने जा रहा है। सोमवार को गयाजी पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस परियोजना की औपचारिक घोषणा की।

खिजरसराय में बनेगा भव्य अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि गयाजी के खिजरसराय में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम तैयार किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार 40 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात देते हुए ऐलान किया कि यह स्टेडियम राजगीर से भी बड़ा और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप भव्य होगा।

प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास

इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गयाजी के खिजरसराय में ₹170 करोड़ की लागत से बनने वाले प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास भी किया। इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम निर्माण से जुड़ी बड़ी घोषणा की।

खेल को मिलेगा बढ़ावा

इस फैसले से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। राजगीर के बाद गया में दूसरा बड़ा खेल मैदान बनने से बिहार के युवा खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

https://hindi.news18.com/photogallery/sports/cricket-bihar-largest-stadium-in-gayaji-infrastructure-news-local18-ws-el-10573338.html