गफ्फार मार्केट में भड़की आग
दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में बीती रात करीब 1 बजे एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल की कुल 22 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग ने विकराल रूप ले लिया था, जिससे पूरी इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
संकरी गलियों के कारण आई मुश्किल
आग बुझाने के अभियान में सबसे बड़ी चुनौती गलियों का तंग होना रहा। गली बहुत छोटी होने के चलते दमकल विभाग की बड़ी गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रही थीं। इसके बाद दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए छोटे पाइपों की मदद से पानी की बौछारें अंदर तक पहुंचाईं। इमारत में मोबाइल और बैटरी का भारी स्टॉक रखा था, जिसकी वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बैटरियों के धमाकों ने स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया। हालांकि, अब आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत से अभी भी धुंआ निकल रहा है।
प्रशासन का क्या है कहना
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एम.के. चट्टोपाध्याय ने स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इमारत में वेंटिलेशन की भारी कमी है, जिससे धुंआ बाहर नहीं निकल पा रहा। इस इमारत में G+3 ढांचा है, यानी एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें हैं। हर मंजिल पर लगभग 14 से 15 दुकानें स्थित हैं और आने-जाने का रास्ता केवल एक सीढ़ी तक ही सीमित है। फायर ब्रिगेड को रात 1:30 बजे इस घटना की कॉल प्राप्त हुई थी। आग ग्राउंड फ्लोर की कुछ दुकानों से शुरू हुई और धीरे-धीरे ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। फिलहाल बेसमेंट पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है और किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
https://www.indiatv.in/delhi/a-massive-fire-broke-out-last-night-at-delhi-gaffar-market-22-fire-tenders-are-at-the-scene-2026-11-06-1253084