राजस्थान की राजधानी जयपुर की रहने वाली 8 वर्षीय सनाया बियानी ने हुला-हूप के खेल में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर पूरे प्रदेश का नाम दुनियाभर में चमका दिया है। इस नन्ही खिलाड़ी ने अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर वह कर दिखाया, जिसकी उम्मीद उसकी उम्र के बच्चों से कम ही की जाती है।
30 सेकेंड में 101 रोटेशन का कमाल
सनाया ने महज 30 सेकेंड के भीतर 101 हुला-हूप आर्म रोटेशन पूरे कर यह विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इतनी कम अवधि में इतने रोटेशन कर दिखाना उनके अभ्यास और एकाग्रता की मिसाल है, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
6 साल की उम्र से शुरू हुआ सफर
सनाया ने सिर्फ 6 साल की उम्र में हुला-हूप सीखना शुरू किया था। लगातार मेहनत और लगन के बल पर आज वह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक बन चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रस्तुति देने वाली कलाकार के रूप में जानी जाती हैं। कम उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि उन्हें कई बच्चों के लिए प्रेरणा बना देती है।
देश-विदेश के मंचों पर प्रदर्शन
सनाया अब तक दुबई, अबू धाबी, इंग्लैंड और भारत के कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर इस नन्ही कलाकार ने इतनी कम उम्र में बड़ी पहचान बना ली है।
https://hindi.news18.com/photogallery/sports/others-meet-hula-hoop-girl-sanaya-biyani-guinness-world-record-101-rotations-success-story-local18-ws-l-10572062.html