मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार: अगले 4-5 दिन में महाराष्ट्र-बिहार सहित कई राज्यों में पहुंचेगा, होगी जोरदार बारिश

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 4 से 5 दिनों में महाराष्ट्र, बिहार समेत कई राज्यों में दस्तक देगा, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

देश के अनेक हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिन में चटख धूप और लू जैसी गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं, जबकि शाम होते-होते उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। हालांकि इसी बीच कई राज्यों में मॉनसून की दस्तक राहत भरी खबर लेकर आई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार हैं।

इन राज्यों की दिशा में बढ़ रहा है मॉनसून

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार तक मॉनसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से होते हुए हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारिपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है। विभाग का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मौसमी परिस्थितियां मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिहाज से अनुकूल बनी हुई हैं।

इस अवधि में महाराष्ट्र के अधिकांश इलाकों, कर्नाटक के बचे हुए हिस्सों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ और क्षेत्रों, झारखंड, बिहार तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

गर्मी से मिलेगी राहत

IMD के अनुसार, मॉनसून की प्रगति के साथ ही इन राज्यों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग मॉनसून की हलचल पर लगातार निगरानी रख रहा है और समय-समय पर ताजा जानकारी जारी कर रहा है।

राजस्थान के कई जिलों में बरसे बादल

उधर, रविवार को पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ीं। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान राज्य में कहीं भी लू की स्थिति नहीं रही। विभाग के अनुसार, जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में सबसे अधिक 44 मिलीमीटर (मिमी) बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं चित्तौड़गढ़ में 23 मिमी और भीलवाड़ा में 5 मिमी बारिश हुई। इसके साथ ही विभाग ने यह भी बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले 4-5 दिनों तक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभागों में बारिश होने के आसार हैं।

राजस्थान में फलौदी रहा सबसे गर्म

राजस्थान में फलौदी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा जैसलमेर में दिन का तापमान 41.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.1 डिग्री और चूरू में 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

https://www.indiatv.in/india/national/monsoon-update-maharashtra-bihar-delhi-ncr-next-4-to-5-days-heavy-rainfall-aaj-ka-mausam-imd-alert-2026-06-15-1225130