समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा के होटल मुगल शेरेटन में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम के दौरान भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इस मौके पर उन्होंने छोटे और बड़े व्यापारियों के साथ-साथ डॉक्टरों से बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिए।
व्यापारियों को सहूलियत और सुरक्षा का भरोसा
सवाल-जवाब के दौरान अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि अगर साल 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो व्यापारियों को न सिर्फ कारोबार में बड़ी सहूलियत मिलेगी, बल्कि उनकी सुरक्षा भी प्राथमिकता पर रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद ऐसी योजनाएं लाई जाएंगी, जिनसे व्यापारियों के लिए कारोबार करना आसान हो जाए। उन्होंने दोहराया कि व्यापारियों की सुरक्षा उनकी सरकार का मुख्य उद्देश्य रहेगी।
भाजपा पर तीखा प्रहार
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा प्रमुख ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, ‘मजाक-मजाक में कितना सीरियस मामला हो गया, बताओ बीजेपी कॉकरोच से डर गई। 2017 से पहले हमारे पत्रकार भी नहीं जानते थे कि हमारे योगी जी कोई हैं। साल 2017 से पहले उनकी ही कोई पहचान नहीं थी।’
छोटे कारोबारी देश की खुशहाली की बुनियाद
अखिलेश यादव ने छोटे कारोबारियों की हालत पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में छोटे कारोबारियों का व्यापार बर्बाद हो रहा है, जबकि छोटा कारोबारी ही देश की खुशहाली की बुनियाद है।
छोटे व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा, ‘छोटा व्यापारी या दुकान, सबके चेहरे पर हो मुस्कान, फिर चहके हमारा हिंदुस्तान।’
तकनीक और आगरा में आईटी सिटी की बात
तकनीक और विकास के मुद्दे पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा, ‘जो लाए अच्छाई वही है, सबसे अच्छा AI।’ उन्होंने आगरा में आईटी सिटी बनाने की बात कही और कहा कि शहर को तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए काम किया जाएगा।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/agra-akhilesh-yadav-attacks-bjp-cm-yogi-adityanath-no-identity-before-2017-local18-10569793.html