स्विट्जरलैंड के खिलाफ ड्रॉ, फिर भी कतर ने रचा इतिहास; विश्व कप में मिला पहला अंक

बौलेम खौखी के इंजरी टाइम में किए गोल की बदौलत कतर ने स्विट्जरलैंड को 1-1 से रोका और फीफा विश्व कप में अपना पहला अंक हासिल किया।

पिछली बार के मेजबान कतर ने इस फीफा विश्व कप में अपने पहले ग्रुप मुकाबले में स्विट्जरलैंड को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। इस नतीजे के साथ कतर के नाम विश्व कप में पहली बार कोई अंक दर्ज हुआ। चार साल पहले अपनी मेजबानी में खेले गए टूर्नामेंट में कतर अपने सभी ग्रुप मुकाबले हार गया था, ऐसे में मजबूत मानी जा रही स्विट्जरलैंड के सामने एक अंक बटोरने पर टीम के खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए।

इंजरी टाइम के गोल ने बदली तस्वीर

दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के चौथे मिनट में बौलेम खौखी ने गोल दागकर कतर को विश्व कप का पहला अंक दिलाया। ग्रुप बी के इस मुकाबले में जीत की प्रबल दावेदार समझी जा रही स्विट्जरलैंड को कतर ने 1-1 की बराबरी पर रोका। ब्रील एम्बोलो ने 17वें मिनट में पेनल्टी को गोल में तब्दील कर स्विट्जरलैंड को बढ़त दिलाई थी और एक समय उसकी जीत तय मानी जा रही थी।

हालांकि मैच की अंतिम सीटी बजने से कुछ ही पल पहले लेवी स्टेडियम में मौजूद 67,966 दर्शकों के सामने खौखी ने हेडर के जरिए बराबरी का गोल कर दिया। चार साल पहले अपने देश में हुए विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने वाली कतर की टीम इस बार भी अपने पहले मुकाबले में खास छाप नहीं छोड़ सकी।

स्विट्जरलैंड ने गंवाए कई मौके

स्विट्जरलैंड की टीम ने गोल करने के कई बेहतरीन अवसर गंवा दिए, जिसका खामियाजा उसे महज एक अंक से संतोष करके भुगतना पड़ा। टीम के मिडफील्डर ग्रैनिट ज़ाका ने निराशा जताते हुए कहा, ‘‘हर ड्रॉ हार जैसा महसूस होता है। हम अपना आकलन कर रहे हैं। आज का प्रदर्शन जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त नहीं था।’’

मैच के अंतिम क्षणों में गोल होने के बाद कतर के कई खिलाड़ी जश्न में जमीन पर लोट गए, तो कुछ खिलाड़ी एक-दूसरे को गले लगाने के लिए दौड़ पड़े।

कोच लोपेटेगुई को टीम पर गर्व

कतर के कोच जुलेन लोपेटेगुई अपनी टीम के खेल से बेहद खुश दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘आज के प्रदर्शन पर मुझे बहुत गर्व है। हमारे खिलाड़ियों ने अनुशासन दिखाया और रणनीति को बखूबी अंजाम दिया। कई बार किस्मत ने भी हमारा साथ दिया, लेकिन जिंदगी और फुटबॉल दोनों में भरोसे के साथ-साथ किस्मत की भी जरूरत होती है।’’

स्विट्जरलैंड के मिडफील्डर डेनिस जकारिया ने भी टीम के प्रदर्शन पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर हम वैसा नहीं खेल पाए जैसा हम चाहते थे। गोल करने के हमें कई मौके मिले, लेकिन इनमें से कई हमने गंवा दिए और इसकी भारी कीमत हमें चुकानी पड़ी।’’

https://hindi.news18.com/news/sports/football-fifa-2026-qatar-secured-draw-against-switzerland-with-goal-in-stoppage-time-earning-their-first-point-in-world-cup-10568668.html