लखनऊ। यूपीपीसीएस अपर निजी सचिव परीक्षा-2023 ने इस बार एक चौंकाने वाला नतीजा दिया है। इस परीक्षा में शामिल हुए 4,240 अभ्यर्थियों में से एक भी इसे पास नहीं कर सका। नतीजतन सभी अभ्यर्थी असफल रहे और इसी कारण 331 रिक्त पदों को खाली घोषित करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि कोई भी प्रतियोगी एक मिनट में 80 शब्द तक टाइप नहीं कर पाया। लोक सेवा आयोग के अनुसार, द्वितीय चरण की परीक्षा के आधार पर तृतीय चरण के लिए कोई भी अभ्यर्थी योग्य घोषित नहीं हो सका, जिसके चलते 331 पद रिक्त घोषित किए गए हैं।
परीक्षा में शामिल हुए थे 4240 अभ्यर्थी
आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अपर निजी सचिव परीक्षा-2023 के तहत कुल 331 रिक्तियों के सापेक्ष 07.01.2024 को प्रथम चरण की परीक्षा कराई गई थी, जिसका परिणाम 04.03.2024 को जारी हुआ। इस चरण में कुल 5889 अभ्यर्थी द्वितीय चरण की परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए थे। इसके बाद द्वितीय चरण की परीक्षा 28.06.2024 से 18.07.2024 तक लखनऊ जनपद में दो सत्रों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 4240 अभ्यर्थी शामिल हुए।
एक मिनट में 80 शब्द भी नहीं हुए टाइप
द्वितीय चरण में दो विषयों—हिन्दी आशुलेखन और हिन्दी टाइपिंग—की परीक्षा ली गई थी, जिनका पूर्णांक क्रमशः 75 अंक और 25 अंक निर्धारित था। नियम के अनुसार हिन्दी आशुलेखन में त्रुटिरहित रूप से न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट टाइप करना अनिवार्य था। मगर कोई भी अभ्यर्थी एक मिनट में बिना गलती के 80 शब्द टाइप नहीं कर सका। यही वजह रही कि तृतीय चरण की परीक्षा के लिए किसी को भी सफल घोषित नहीं किया जा सका।
UPPSC APS 2023 की पात्रता शर्तें
UPPSC APS भर्ती के लिए योग्य माने जाने हेतु आवेदकों को आयोग द्वारा तय पात्रता मानदंड पूरे करने होते हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 21 वर्ष से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। निर्धारित नियमों के मुताबिक आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में विशेष छूट का लाभ मिलता है।
शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जरूरी बातें
आवेदकों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही उनकी टाइपिंग गति हिन्दी शॉर्टहैंड में कम से कम 80 शब्द प्रति मिनट और हिन्दी टाइपराइटिंग में 25 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए। उम्मीदवारों को कंप्यूटर का ज्ञान भी होना चाहिए, जो DOEACC सोसाइटी द्वारा संचालित 'सर्टिफिकेट कोर्स इन कंप्यूटिंग' (CCC) के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप हो। यह कोर्स 'हाई स्कूल और इंटरमीडिएट शिक्षा बोर्ड, उत्तर प्रदेश' द्वारा या सरकार द्वारा इसके समकक्ष मान्यता प्राप्त किसी अन्य संस्था द्वारा संचालित होना चाहिए।
https://www.indiatv.in/education/uppsc-aps-2023-exam-331-posts-remain-vacant-after-all-candidates-fail-no-one-could-type-80-words-per-minute-2026-06-03-1222683