स्कॉर्पियो में मारे गए तुषार त्यागी की हत्या में पिता ही निकला कातिल, साथी संग रची साजिश

मेरठ में स्कॉर्पियो के भीतर गोली लगने से मारे गए तुषार त्यागी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि उसके पिता सुंदर त्यागी ने ही अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ मिलकर बेटे को मौत के घाट उतार दिया।

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में स्कॉर्पियो के भीतर हुई तुषार त्यागी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया कि इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने पिता सुंदर त्यागी ने ही अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक सुंदर त्यागी ने अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ मिलकर बेटे तुषार की हत्या की साजिश रची और उसे पूरा किया।

24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला

एसपी देहात की टीम ने इस हत्याकांड का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों सुंदर त्यागी और अमित उर्फ वेदवान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के तुरंत बाद मृतक की बहन ने भी पिता पर शक जताया था, जिसकी पुष्टि बाद में जांच में हो गई।

स्कॉर्पियो के अंदर मिला था शव

मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के कैली अंडरपास के पास देर रात स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर हापुड़ के दोयमा गांव निवासी तुषार त्यागी का गोली लगा शव मिला था। घायल अवस्था में पुलिस ने तुषार को एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दोयमा, हापुड़ के रहने वाले तुषार के रूप में हुई।

पत्नी ने दोस्तों पर लगाया था आरोप

शुरुआत में मृतक की पत्नी शिखा ने तुषार के ही दोस्त बिट्टू और तरुण पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी थी। वहीं मृतक की बहन ने पुलिस को सूचना देते हुए प्रॉपर्टी विवाद में पिता पर हत्या का आरोप लगाया था।

सबूत जुटाने में लगी रहीं चार टीमें

हत्या के बाद एफएसएल टीम मौके से सबूत तलाशने में जुटी रही। इस हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने कुल चार टीमें लगाई थीं। आखिरकार जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना गया और पिता समेत उसके साथी की भूमिका साफ हो गई।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/meerut-tushar-murder-case-police-arrest-his-father-and-his-friend-after-sister-complaint-10535226.html