राजधानी लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव पर सीधा हमला
लखनऊ के पीजीआई इलाके में हुई इस वारदात को लेकर राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए सवाल उठाया कि पकड़ा गया एक हत्यारा यादव है जो अखिलेश यादव का करीबी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी मुस्लिम है। उन्होंने दावा किया कि दोनों ही सपा के वोटर हैं।
राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “एक कहावत है ‘उलटा चोर कोतवाल को डांटे’। अखिलेश यादव जी 27 तारीख से चिल्ला रहे हो आप कि लखनऊ में हत्या हो गई… हत्या हो गई, हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं हुई। अरे अखिलेश बाबू मिल गया हत्यारा, आपका अपना, आपका बहुत करीबी… सुना है गिरफ्तार आरोपी तो कोई यादव है न? आपकी ‘समाजवादी लोहिया वाहिनी’ का उपाध्यक्ष? दूसरा वाला मुस्लिम है? दोनों आपके वोटर हैं। अखिलेश जी इन्हीं को तो आप बोलते है कि ‘बच्चा है तू मेरा।’”
पीडीए की नई परिभाषा
मंत्री ने इसी पोस्ट में पीडीए को नए अंदाज में परिभाषित करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा, “PDA यानी ‘पीट देगा अहीर’ वाली फोटो डाल रहा हूं, जो आपके साथ है। यही लखनऊ हत्या का मास्टरमाइंड है, जिसके साथ आप शान से फोटो खिंचाए हैं। दूसरा वाला भी आपका ही पट्ठा है। जल्दी ही उसकी फोटो भी सार्वजनिक करूंगा।”
दो आरोपी भेजे गए जेल
दरअसल, मंगलवार को पुलिस ने संदीप हत्याकांड के आरोपी दिनेश यादव और मोबीन को जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी दिनेश यादव के लग्जरी वाहनों को पीजीआई पुलिस ने सीज कर लिया है। सीज की गई एसयूवी पर ‘राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी’ लिखा हुआ है।
वायरल हुआ था सीसीटीवी फुटेज
उल्लेखनीय है कि संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई थी और इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि शूटर अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनेश यादव ने ड्राइवर मोबीन के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए भाड़े के शूटरों को हायर किया गया था। फिलहाल शूटरों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ लगातार जुटी हुई है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-property-dealer-sandeep-singh-murder-case-op-rajbhar-attacks-akhilesh-yadav-local18-10535196.html