कराची: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में पिछले हफ्ते एक शटल ट्रेन को निशाना बनाकर किए गए बम धमाके में शामिल 17 आतंकवादियों को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। उल्लेखनीय है कि 24 मई को क्वेटा के एक स्टेशन के नजदीक शटल ट्रेन पर हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जनसंपर्क (ISPR) के मुताबिक, इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने प्रांत के अलग-अलग जिलों में कई खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान (IBO) चलाए, जिनमें कुल 17 आतंकवादी मारे गए।
आतंकियों के ठिकानों पर सटीक प्रहार
ISPR के बयान के अनुसार, सुरक्षा बलों ने मस्तुंग, नुश्की, ज़हरी, खुज़दार और केच में चलाए गए अभियानों के दौरान आतंकवादियों के कई ठिकानों को प्रभावी तरीके से निशाना बनाया। बयान में बताया गया कि फ़ितना-अल-हिंदोस्तान से जुड़े आतंकवादियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में उनमें से 17 ढेर कर दिए गए। ISPR ने यह भी जानकारी दी कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के पास से हथियार, गोला-बारूद, भारी मात्रा में विस्फोटक और तैयार किए गए तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (IED) बरामद किए हैं। मारे गए आतंकवादी इलाके में कई आतंकी वारदातों में शामिल रहे थे। बयान के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में बचे हुए आतंकवादियों का सफाया करने के लिए तलाशी अभियान अब भी जारी है।
क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस को बनाया गया था निशाना
बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में मई 2026 के आखिरी सप्ताह में हुए आतंकी हमलों में ट्रेनों और रेलवे के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था। क्वेटा के चमन फाटक के पास एक सैन्य ट्रेन और पेशावर की ओर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को शक्तिशाली धमाकों से उड़ाने की घटनाएं सामने आई थीं। इन हमलों में कई सुरक्षाकर्मियों और यात्रियों की जान चली गई थी और इनकी जिम्मेदारी 'बलूच लिबरेशन आर्मी' (BLA) ने ली थी।
हमलों के बाद उठाए गए कड़े कदम
आत्मघाती और IED धमाकों में ट्रेन का इंजन और कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे तथा दर्जनों लोग हताहत हुए थे। इस हमले के जवाब में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर आतंकवाद विरोधी अभियान चलाकर कार्रवाई की है। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों ने एहतियातन ट्रेनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोकने या उनके मार्ग बदलने जैसे कदम भी उठाए हैं।
https://www.indiatv.in/world/asia/pakistani-security-forces-kill-17-suspected-terrorists-in-balochistan-involved-queta-train-attack-2026-06-03-1222668