बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर जबरदस्त हंगामा हुआ। मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान क्लासेस के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस दौरान पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं।
इस घटना में खान क्लासेस का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। इस घटनाक्रम के बाद खान सर एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।
कौन हैं खान सर?
देश के सबसे चर्चित शिक्षकों में गिने जाने वाले खान सर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच एक बड़ा नाम हैं। अपनी सरल भाषा, अनोखे पढ़ाने के अंदाज और कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण उन्होंने लाखों छात्रों के बीच खास पहचान बनाई है। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में हुआ था और उनका मूल नाम फैजल खान बताया जाता है।
साधारण परिवार से बनाई अलग पहचान
खान सर एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता ठेकेदारी का काम करते थे, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई देवरिया के परमार मिशन स्कूल से पूरी की। पढ़ाई में गहरी रुचि होने के चलते उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय का रुख किया।
यहां से उन्होंने विज्ञान विषय में बीएससी और एमएससी की डिग्री हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने भूगोल विषय में एमए भी किया। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाने का निर्णय लिया।
सिर्फ छह छात्रों से शुरू हुआ सफर
खान सर ने अपने शिक्षण करियर की शुरुआत पटना से की थी। शुरुआत में उनकी कक्षा में महज छह छात्र मौजूद थे, लेकिन उनकी सरल, रोचक और हास्य से भरपूर पढ़ाने की शैली ने जल्द ही छात्रों को अपनी ओर आकर्षित कर लिया। धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई और कक्षाओं में छात्रों की संख्या भी लगातार बढ़ने लगी।
यूट्यूब ने दिलाई देशभर में पहचान
साल 2019 में खान सर ने ‘Khan GS Research Centre’ नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया। सामान्य अध्ययन, इतिहास, भूगोल, राजनीति और समसामयिक घटनाओं जैसे विषयों पर बनाए गए उनके वीडियो तेजी से लोकप्रिय हुए। कठिन विषयों को सहज भाषा में समझाने की उनकी शैली को छात्रों ने खूब पसंद किया।
मौजूदा समय में उनके यूट्यूब चैनल पर 2 करोड़ 30 लाख (23 मिलियन) से अधिक सब्सक्राइबर हैं, जिसके चलते वह देश के सबसे लोकप्रिय शैक्षणिक कंटेंट क्रिएटर्स में शामिल माने जाते हैं।
ऑनलाइन शिक्षा में भी मजबूत मौजूदगी
ऑफलाइन कोचिंग के साथ-साथ खान सर ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मजबूत पहचान कायम की है। वर्ष 2021 में उन्होंने ‘Khan Sir Official’ ऐप लॉन्च किया, जिसके जरिए छात्र ऑनलाइन कोर्स, नोट्स और अध्ययन सामग्री हासिल कर सकते हैं।
छात्रों के बीच इतने लोकप्रिय क्यों हैं?
खान सर की सबसे बड़ी खूबी उनकी आम बोलचाल की सरल भाषा में पढ़ाने की शैली है। वे कठिन से कठिन विषय को भी आसान उदाहरणों के माध्यम से समझाने के लिए जाने जाते हैं। कम फीस में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराना और ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों तक शिक्षा पहुंचाने के उनके प्रयासों ने उन्हें लाखों विद्यार्थियों का पसंदीदा शिक्षक बना दिया है।
https://hindi.news18.com/news/career/education-who-is-khan-sir-biography-education-what-is-khan-sir-real-name-firing-in-patna-coaching-center-latest-news-10535029.html