लखीमपुर से मैगलगंज होते हुए लखनऊ तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, जानें समय और रूट

लखीमपुर से मैगलगंज होते हुए लखनऊ के केसरबाग तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। यह बस रोजाना सुबह 6:30 बजे लखीमपुर डिपो से रवाना होगी, जिससे रास्ते के कई कस्बों के यात्रियों को बार-बार वाहन बदलने से छुटकारा मिलेगा।

क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। लखीमपुर से मैगलगंज मार्ग पर नई रोडवेज बस सेवा की शुरुआत कर दी गई है, जिससे इस रूट पर सफर करने वाले हजारों लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब लखीमपुर, बेहजम, कस्ता, मितौली, औरंगाबाद और मैगलगंज इलाके के निवासियों को लखनऊ पहुंचने के लिए बार-बार गाड़ी बदलने की जरूरत नहीं रहेगी, क्योंकि यह बस सीधे लखनऊ के केसरबाग बस स्टेशन तक जाएगी।

नई सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ छात्रों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, कारोबारियों और इलाज के लिए राजधानी जाने वाले मरीजों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

क्या रहेगी बस की टाइमिंग

रोडवेज विभाग की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार यह बस हर दिन सुबह 6:30 बजे लखीमपुर डिपो से रवाना होगी। इसके बाद यह बेहजम, कस्ता, मितौली, औरंगाबाद और मैगलगंज होते हुए महोली और सीतापुर के रास्ते राजधानी की ओर बढ़ेगी।

अनुमान है कि बस सुबह करीब साढ़े नौ से 10 बजे के बीच लखनऊ के केसरबाग बस स्टेशन पहुंच जाएगी। राजधानी पहुंचने के बाद यह निर्धारित समय पर इसी मार्ग से वापसी करेगी, जिससे आने और जाने दोनों ओर के यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।

समय और पैसे दोनों की होगी बचत

अब तक इस रूट के ज्यादातर यात्रियों को लखनऊ जाने के लिए कई बार वाहन बदलने पड़ते थे। अक्सर लोगों को पहले निजी वाहन से मैगलगंज या सीतापुर तक जाना पड़ता था और वहां से दूसरी बस पकड़नी पड़ती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।

नई बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सीधे लखनऊ तक पहुंचने का विकल्प मिल गया है। इससे सफर पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगा। इसका सबसे बड़ा फायदा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मिलेगा।

क्या बोले डिपो प्रभारी

रोडवेज डिपो प्रभारी सहदेव सिंह ने बताया कि अब तक लखीमपुर से मैगलगंज के लिए सीधी बस का संचालन नहीं होता था, जिसके चलते यात्रियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बसों का संचालन शुरू किया गया है। यह बस लखीमपुर डिपो से चलकर मैगलगंज होते हुए लखनऊ तक जाएगी, जिससे यात्रियों को सहूलियत होगी और उनका समय भी बचेगा।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lakhimpur-kheri-uttar-pradesh-direct-roadways-bus-service-launched-from-lakhimpur-to-lucknow-route-local18-10535023.html