FIFA World Cup 2026: वर्ल्ड कप के दौरान खिलाड़ियों को जर्सी के नीचे बुलेटप्रूफ वेस्ट पहनने की सलाह

अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में हो रहे फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सुरक्षा को देखते हुए खिलाड़ियों को जर्सी के नीचे बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने पर विचार करने की सलाह दी गई है, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है।

फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ की शुरुआत 11 जून यानी आज से हो रही है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका के पास है, जबकि कनाडा और मेक्सिको भी सह-मेजबान देश की भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन से पहले खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर खूब चर्चा हो रही है।

जर्सी के नीचे बुलेटप्रूफ जैकेट की सिफारिश

खबरों के अनुसार, फीफा ने 2026 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को सलाह दी है कि वे अमेरिका में अपनी जर्सी के नीचे बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने पर विचार करें। अधिकारियों ने इसे खिलाड़ी सुरक्षा प्रोटोकॉल में किए गए बदलाव के रूप में पेश किया है। हालांकि यह स्पष्ट किया गया है कि इस तरह का सुरक्षा उपकरण पहनना अनिवार्य नहीं है।

रिपोर्ट्स की मानें तो कई राष्ट्रीय टीमें पहले से ही अभ्यास सत्र के दौरान हल्के बुलेटप्रूफ जैकेट का परीक्षण कर रही हैं।

फुटबॉल जगत में छिड़ी बहस

इस सिफारिश के सामने आते ही फुटबॉल की दुनिया में नई बहस शुरू हो गई है। चर्चा का केंद्र खिलाड़ियों की सुरक्षा, ऐसे उपकरण की व्यावहारिकता और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में बदलते सुरक्षा माहौल पर है।

दर्शकों के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश

मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों को भी स्टेडियम में प्रवेश से पहले दिशा-निर्देशों का पालन करने की चेतावनी दी गई है। खाने-पीने की चीजों को लेकर विशेष हिदायत जारी की गई है। दर्शकों को पानी ले जाने की अनुमति है, लेकिन इसके अलावा कोई दूसरा तरल पदार्थ स्टेडियम के भीतर नहीं ले जाया जा सकता।

वर्ल्ड कप 2026 के स्टेडियमों में सिर्फ खाना-पीना ही प्रतिबंधित नहीं है। जो दर्शक कपड़ों या किसी अन्य चीज से अपना चेहरा छिपाते हैं, उन्हें भी स्टेडियम में घुसने से रोका जा सकता है या बाहर निकाला जा सकता है।

इसके अलावा, बिना मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन के बॉडी-प्रोटेक्शन गियर या कॉर्सेट पहनकर आने वाले फैंस को भी अनुमति नहीं दी जाएगी। इनमें बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ-साथ मार्शल आर्ट्स या एक्सट्रीम स्पोर्ट्स में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी शामिल हैं।

https://hindi.news18.com/news/sports/football-fifa-reportedly-urged-players-in-2026-world-cup-to-consider-wearing-bulletproof-vests-beneath-their-jerseys-10559133.html