रवीना टंडन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म वेलकम टू जंगल के रिलीज होने का इंतजार कर रही हैं। इस फिल्म की शूटिंग करीब-करीब पूरी हो चुकी है और 11 जून को इसका ट्रेलर भी सामने आने जा रहा है। इससे ठीक पहले अभिनेत्री ने अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ अंदाज में पोज देते हुए एक तस्वीर साझा की है। इसी तस्वीर के बहाने रवीना ने अपनी 32 साल पुरानी उस फिल्म को भी याद किया, जिसमें अक्षय और सुनील ही मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाब रही थी। दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म सबसे पहले दिव्या भारती को मिली थी, लेकिन उनके अचानक निधन के बाद यह रवीना के हिस्से आई और सुपरहिट साबित हुई।
दिव्या भारती के निधन के बाद रवीना के पास आई फिल्म
निर्देशक राजीव रवि की फिल्म मोहरा साल 1994 में रिलीज हुई थी और आज यह 32 साल का सफर पूरा कर चुकी है। इतने वर्षों बाद भी दर्शक इसकी कहानी को उतना ही पसंद करते हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि यह फिल्म पहले दिव्या भारती को ऑफर की गई थी और उन्होंने इसे स्वीकार भी कर लिया था। लेकिन 1993 में दिव्या भारती का अचानक निधन हो गया और यह किरदार रवीना टंडन के हिस्से आ गया। फिल्म में सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार भी प्रमुख भूमिकाओं में थे। मोहरा न सिर्फ सुपरहिट रही, बल्कि इसके गानों ने भी खूब धूम मचाई। बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक यह फिल्म 3 करोड़ 75 लाख रुपयों के बजट में बनी थी और इसने 22 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई की थी।
32 साल बाद फिर एक साथ नजर आएगी तिकड़ी
अब मोहरा की यही हिट तिकड़ी एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखने वाली है। फिल्म वेलकम टू जंगल में 30 से ज्यादा दिग्गज कलाकारों को शामिल किया गया है। अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी और रवीना टंडन भी इसमें रंग जमाते नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर 11 जून को लॉन्च होगा, जबकि यह 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। वेलकम टू जंगल का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं और इसमें एक बड़ी स्टारकास्ट देखने को मिलेगी।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/raveena-tandon-remembers-mohra-film-which-she-got-after-divya-bharti-death-now-shared-photo-with-akshay-kumar-and-suniel-shetty-2026-06-11-1224360