विनीत राय हत्याकांड: एनकाउंटर में ढेर कमलेश चौधरी के भाई ने हाईकोर्ट में दी बुलडोजर कार्रवाई को चुनौती

गाजीपुर के विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कमलेश चौधरी के भाई संजय बिंद ने जिला प्रशासन की ध्वस्तीकरण नोटिस के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया है और इसे रद्द करने की मांग की है।

गाजीपुर के चर्चित होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय हत्याकांड से जुड़ा एक नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के भाई संजय बिंद ने जिला प्रशासन की ओर से जारी ध्वस्तीकरण नोटिस के विरुद्ध इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।

ध्वस्तीकरण नोटिस को चुनौती

एसडीएम सदर ने बिना नक्शा स्वीकृत कराए हुए अवैध निर्माण का हवाला देते हुए यह ध्वस्तीकरण नोटिस जारी किया है। संजय बिंद के अलावा तीन और आरोपियों शंकर पांडेय, आलोक दुबे और सोनू यादव को भी यह नोटिस भेजा गया है। सभी आरोपियों से 12 जून तक जवाब तलब किया गया है और चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

याचिकाकर्ता के आरोप

याचिकाकर्ता संजय बिंद का कहना है कि पुलिस उनके भाई को 3 जून को बिहार से उठाकर लायी थी और 4 जून को उसका फर्जी एनकाउंटर कर दिया गया। मुठभेड़ के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि याचिकाकर्ता पुलिस मुठभेड़ पर सवाल न उठाएं, इसी दबाव को बनाने के मकसद से यह नोटिस जारी किया गया है। याचिका में यह भी कहा गया है कि याचिकाकर्ता पुलिस एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, और इस मांग से उन्हें रोकने के लिए ही नोटिस के जरिए दबाव डाला जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला

याचिका में यह दलील दी गई है कि इस कार्रवाई से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी उल्लंघन हो रहा है, क्योंकि शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि केवल एफआईआर के आधार पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं की जा सकती। याचिका दाखिल कर एसडीएम सदर गाजीपुर की ध्वस्तीकरण नोटिस को रद्द करने की मांग की गई है।

याचिका में डीएम गाजीपुर, एसडीएम सदर गाजीपुर और प्रमुख सचिव गृह को पक्षकार बनाया गया है। यह याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता उपेंद्र उपाध्याय के माध्यम से दाखिल की गई है।

हत्याकांड और सियासी सरगर्मी

उल्लेखनीय है कि 29 मई की रात होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी से लेकर बीजेपी की सहयोगी निषाद पार्टी ने भी एनकाउंटर पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी मुठभेड़ की जांच कराने की बात कही थी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/allahabad-vineet-rai-murder-case-encounter-kamlesh-chaudhary-brother-reached-allahabad-high-court-against-demolition-notice-local18-10559343.html