उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने ससुर की दरिंदगी की शिकायत जब अपने पति से की, तो उसने राहत देने के बजाय फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। मामला रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम बाग मोहल्ले का है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
लखनऊ की रहने वाली पीड़िता की शादी करीब तीन साल पहले रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम बाग मोहल्ले में रहने वाले रेहान से हुई थी। शुरुआत में दांपत्य जीवन सामान्य ढंग से चल रहा था और दोनों पति-पत्नी घर में सुखपूर्वक रह रहे थे। पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान उसके ससुर अच्छन की नीयत बदल गई।
तमंचे के बल पर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर अच्छन ने अवैध तमंचा दिखाकर डराते हुए उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो हालात उसके खिलाफ ही होते चले गए। महिला ने जब यह बात अपने पति रेहान को बताई, तो उसे न्याय के बजाय और प्रताड़ना मिली।
विरोध करने पर फोन पर मिला तीन तलाक
पीड़िता ने बताया कि जब उसने पहली बार ससुर की करतूत की जानकारी अपने पति रेहान को दी, तो रेहान ने उल्टा उसे अपने पिता अच्छन के साथ सहयोग करने के लिए कहा। महिला ने जब इस बात का कड़ा विरोध किया, तो रेहान ने फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया और घर छोड़कर चले जाने को कहा।
पुलिस की टालमटोल, आरोपी फरार
इसके बाद पीड़िता कानूनी मदद के लिए थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि रुपईडीहा पुलिस ने मामले में करीब 24 घंटे तक टालमटोल की और उसके बाद ही केस दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bahraich-husband-father-did-rape-of-his-wife-many-times-after-complain-he-give-triple-talaq-on-phone-10558886.html