बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव आज अपने जीवन का 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर पटना स्थित राबड़ी आवास में देर रात ही उत्सव की शुरुआत हो गई। लालू यादव ने अपने पूरे परिवार की मौजूदगी में केक काटकर इस खास दिन का स्वागत किया। इस दौरान उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव ने अपने हाथों से उन्हें केक खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
परिवार के बीच मना जश्न
इस पारिवारिक आयोजन में तेजस्वी यादव की बेटी समेत परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। तेजस्वी यादव ने पिता के जन्मदिन की मनमोहक तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल 'X' पर साझा करते हुए लिखा- हैप्पी बर्थडे पापा! वहीं बेटी रोहिणी आचार्य और बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी अपने पिता के साथ पुरानी और यादगार तस्वीरें पोस्ट करते हुए बेहद भावुक संदेश साझा किए।
राजद कार्यकर्ताओं में उत्साह
लालू यादव के जन्मदिन को लेकर राजद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। इस अवसर पर पटना स्थित पार्टी के मुख्य कार्यालय को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। आज बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता केक काटकर तथा आम लोगों के बीच मिठाइयां बांटकर बड़े धूमधाम से अपने नेता का जन्मदिन मनाएंगे।
रोहिणी आचार्य का भावुक संदेश
रोहिणी आचार्य ने अपने पिता के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा- आज आपके जन्मदिन पर मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरी जिंदगी में आपकी जगह कोई और नहीं ले सकता। आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, मुझे गिरकर संभलना और चलना सिखाया और हर मुश्किल में मेरी ढाल बनकर खड़े रहे। आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बेशकीमती धरोहर है। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और हर पल सिर्फ खुशी मिले तथा आपके आशीर्वाद का हाथ सदा मेरे सिर पर बना रहे।
तेजप्रताप यादव का संदेश
तेजप्रताप यादव ने X पर लिखा- आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूं कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला। आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया। आपने मुझे संघर्ष करना, लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहना और हमेशा आगे बढ़ते रहना सिखाया। आज मैं जो कुछ भी हूं, मेरी हर सफलता, मेरी हर पहचान और मेरे जीवन की हर उपलब्धि आपके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है। मैं अपनी हर उपलब्धि आपको समर्पित करता हूं।
उन्होंने आगे लिखा- पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं। आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले। आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया। सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया।
तेजप्रताप ने अपने संदेश के अंत में लिखा- आपकी समाजसेवा, आपका त्याग और लोगों के प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। मैं हर दिन भगवान का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे आपका बेटा बनाया। मेरी यही प्रार्थना है कि आप हमेशा स्वस्थ, खुश और दीर्घायु रहें। अगर मेरी उम्र भी आपको लग जाए तो उससे बड़ी खुशी मेरे लिए कोई नहीं होगी, क्योंकि आपका स्वस्थ और मुस्कुराता हुआ चेहरा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत और खुशी है। आप पर हमें हमेशा गर्व रहेगा, पापा। जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और हमेशा करते रहेंगे।
https://hindi.news18.com/photogallery/bihar/patna-lalu-prasad-yadav-79th-birthday-celebrations-in-family-rabri-aawas-tejashwi-yadav-rohini-acharya-tej-pratap-yadav-local18-ws-l-10558720.html