IGI एयरपोर्ट का तीसरा रनवे सितंबर तक रहेगा बंद, जानें यात्रियों और उड़ानों पर क्या होगा असर

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट का तीसरा रनवे मरम्मत और आधुनिकीकरण के चलते सितंबर तक बंद रह सकता है। पहले इसे जुलाई तक खोलने की योजना थी, लेकिन अब सभी जरूरी काम एक साथ निपटाने का फैसला लिया गया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम जानकारी सामने आई है। यहां के तीसरे रनवे से उड़ान भरने के लिए मुसाफिरों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। मरम्मत और आधुनिकीकरण के काम की वजह से इस रनवे के सितंबर तक बंद रहने की संभावना है। पहले इसे जुलाई तक दोबारा खोलने की तैयारी थी।

फरवरी से बंद है रनवे

यह रनवे फरवरी से ही बंद चल रहा है और इसकी क्षमता बढ़ाने के मकसद से यह काम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान रनवे को मजबूत बनाने के साथ-साथ कई बड़े बदलाव भी किए जा रहे हैं। इनमें रनवे के एक हिस्से का दोबारा निर्माण शामिल है, ताकि विमानों की लैंडिंग के लिए उपलब्ध दूरी बढ़ाई जा सके और आधुनिक नेविगेशन सिस्टम लगाया जा सके।

कितनी बढ़ेगी क्षमता

इन बदलावों के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट की क्षमता में करीब 10 प्रतिशत तक इजाफा होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक इसके बाद एयरपोर्ट हर घंटे करीब आठ अतिरिक्त उड़ानों का संचालन कर सकेगा। इससे आने वाले समय में बढ़ते एयर ट्रैफिक को संभालने में मदद मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

एक साथ काम पूरा करने का फैसला

मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम एशिया संकट के कारण एयरलाइंस ने कुछ उड़ानों में कटौती की है, जिसकी वजह से फिलहाल एयरपोर्ट पर सामान्य से कम ट्रैफिक है। इसी को देखते हुए सभी जरूरी काम एक साथ पूरे करने का फैसला किया गया है, ताकि बाद में दोबारा रनवे बंद करने की नौबत न आए।

मौजूदा क्षमता और घटती उड़ानें

दिल्ली एयरपोर्ट के पास इस समय प्रति घंटे 84 एयर ट्रैफिक मूवमेंट और रोजाना करीब 1,500 उड़ानों के संचालन की क्षमता है। मार्च से यहां उड़ानों की संख्या में करीब 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें सभी घरेलू उड़ानें शामिल हैं।

काम पूरा होने के बाद क्या बदलेगा

अधिकारियों के मुताबिक यह काम पूरा हो जाने के बाद रनवे और अधिक सुरक्षित तथा आधुनिक हो जाएगा। इससे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ पहले से बेहतर होंगे और भविष्य में परिचालन से जुड़ी दिक्कतें कम होंगी। हालांकि सितंबर तक रनवे बंद रहने का असर फिलहाल कुछ उड़ानों के शेड्यूल पर देखने को मिल सकता है।

https://hindi.news18.com/news/delhi/indira-gandhi-international-igi-airport-third-runway-closed-till-september-impact-on-flights-know-here-10535000.html