सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस के शेयरों ने घरेलू शेयर बाजार में दमदार दस्तक दी है। मेटल कारोबार से जुड़ी फरीदाबाद की इस कंपनी के शेयर बुधवार को बीएसई पर अपने इश्यू प्राइस की तुलना में 43.43 प्रतिशत के बंपर प्रीमियम के साथ 275.40 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। वहीं, एनएसई पर शेयरों की एंट्री 39.58 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 268 रुपये पर हुई। गौरतलब है कि कंपनी ने निवेशकों को 192 रुपये के भाव पर शेयर अलॉट किए थे।
3 जून को खुला था इश्यू
सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस का आईपीओ बुधवार, 3 जून को निवेश के लिए खुला था और शुक्रवार, 5 जून को बंद हुआ था। इस इश्यू को निवेशकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और यह कुल मिलाकर 127 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी ने अपने 630 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 182 रुपये से 192 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था। इसके अलावा, कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर 18 रुपये की छूट भी दी गई थी।
लिस्टिंग के तुरंत बाद प्रॉफिट बुकिंग
बाजार में शानदार शुरुआत के बाद निवेशकों ने इस मौके को हाथों-हाथ भुनाया और लिस्टिंग होते ही मुनाफावसूली शुरू कर दी। बड़ी संख्या में शेयर बिकने के कारण कीमतों पर दबाव बना। नतीजतन, कारोबार के अंत में सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस के शेयर बीएसई पर 29.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 247.90 रुपये पर बंद हुए, जबकि एनएसई पर ये 25.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 241.20 रुपये पर बंद हुए।
पूरी तरह OFS आधारित था आईपीओ
उल्लेखनीय है कि सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस का आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित था, जिसके तहत कंपनी के प्रमोटरों ने अपनी हिस्सेदारी में से 3,28,58,323 शेयर बेचे। 5 जून को इश्यू बंद होने के बाद सोमवार, 8 जून को शेयरों का अलॉटमेंट किया गया और इसके बाद 9 जून को निवेशकों के डीमैट खातों में शेयर क्रेडिट कर दिए गए।
एनएसई पर हुआ 390.84 लाख शेयरों का लेनदेन
लिस्टिंग के दिन बीएसई पर कंपनी के 38.23 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ, जबकि एनएसई पर 390.84 लाख शेयरों के लिए ट्रांजेक्शन दर्ज किए गए। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप 5,430.39 करोड़ रुपये रहा। फरीदाबाद स्थित सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस एल्युमिनियम अलॉय (इंगोट और लिक्विड), जिंक अलॉय, स्टेनलेस स्टील, कॉपर, ब्रास, लेड और मैग्नीशियम समेत कई अन्य धातुओं के 'फर्नेस-रेडी स्क्रैप' की प्रोसेसिंग और मैन्यूफैक्चरिंग का काम करती है।
https://www.indiatv.in/paisa/ipo/cmr-green-technologies-ipo-listed-with-a-massive-premium-of-43-43-percent-it-was-subscribed-127-times-over-2026-06-10-1224276