पूर्व भाजपा विधायक को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, सीधे पहुंचे थाने और सुनाई आपबीती

जबलपुर में भाजपा के पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जबलपुर से सामने आया धमकी का मामला

मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला उजागर हुआ है। धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर फोन पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इस धमकी भरे कॉल के बाद हड़कंप मच गया।

फोन आने के तुरंत बाद हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने आनन-फानन में पूरे मामले की जानकारी गोरखपुर थाना पुलिस और जबलपुर पुलिस अधीक्षक (SP) को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फोन करने वाले अज्ञात आरोपी की पहचान करने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।

पूर्व मंत्री ने बताई पूरी आपबीती

पूर्व मंत्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने बताया कि शाम करीब 7 बजे वह गोरखपुर से कार में सफर कर रहे थे, तभी उन्हें फोन आया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वह तुरंत थाने पहुंचे और बताया कि किस नंबर से कॉल आया था। इसके बाद उन्होंने एसपी को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।

मेरे साथ लगातार पहले भी ऐसा हो चुका है। मैं 25 साल तक भाजपा का चुनाव लड़ा हूं और मंत्री रहा हूं। मैंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की है, लेकिन पहले की शिकायतों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव धीरे-धीरे नजदीक आ रहे हैं और यह पूरा घटनाक्रम एक राजनीतिक षड्यंत्र है। उनका कहना था कि उनके ऊपर किसी तरह की कोई शिकायत नहीं है।

सुरक्षा बढ़ाने की मांग, धरने की चेतावनी

बब्बू ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह धरने पर बैठेंगे। उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग रखी।

पुलिस ने कहा- हर पहलू की हो रही जांच

गोरखपुर सीएसपी एमडी नागोंतिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उचित कदम उठाए जाएंगे। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस धमकी के पीछे आखिर क्या मंशा है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/jabalpur-harendra-jeet-singh-babbu-former-bjp-mla-receives-death-threat-rushes-to-police-station-to-report-the-matter-local18-10558364.html