Delhi-NCR Crime News: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली-NCR में दहशत फैलाने वाले चार चालाक बांग्लादेशी लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये वे अपराधी हैं जो भारत आकर लूट और डकैती जैसी बड़ी वारदातों को अंजाम देते थे और फिर वापस बांग्लादेश भाग जाते थे। मगर इस बार पुलिस की घेराबंदी से ये नहीं बच सके। पुलिस से बचने की कोशिश में इन बदमाशों ने अंडरपास में छलांग लगा दी, जिसके चलते तीन आरोपियों के पैर और एक का हाथ टूट गया।
खिड़की की ग्रिल काटकर घुसे और मां-बेटी को गन पॉइंट पर बंधक बनाया
यह पूरा मामला गुरुग्राम के पालम विहार क्षेत्र का है। बीते 4 जून की रात इन चारों अज्ञात बदमाशों ने सेक्टर-23 में एक घर को निशाना बनाया। शातिर लुटेरे मकान के पिछले हिस्से की खिड़की पर लगी लोहे की ग्रिल काटकर भीतर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद महिला और उसकी बेटी को गन पॉइंट पर लेकर बंधक बना लिया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने घर में रखे सोने और हीरे के आभूषण, भारी मात्रा में नकदी तथा अन्य कीमती सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पालम विहार थाने में मामला दर्ज हुआ और जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
ऊंचाई से कूदते ही टूटे हाथ-पैर, चारों अस्पताल में भर्ती
पालम विहार अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने जांच में तेजी लाते हुए खुफिया सूचना के आधार पर द्वारका रोड स्थित बजघेडा अंडरपास के पास इन चारों को घेर लिया। पुलिस को सामने देखकर बदमाश घबरा गए और भागने की कोशिश में सीधे अंडरपास में कूद पड़े। ऊंचाई से छलांग लगाने के कारण चारों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी खैरुल उर्फ अरमान के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि मामन और हिलाल का एक-एक पैर टूटा है। वहीं चौथे आरोपी मामो खान का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
अवैध रूप से भारत में रह रहे थे आरोपी, तीन राज्यों में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिक हैं, जिन्होंने फिलहाल दिल्ली के वजीराबाद (संगम विहार) में अपना ठिकाना बना रखा था। इनका आपराधिक इतिहास देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इन चारों पर दिल्ली, हरियाणा और यूपी में दो दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी हिलाल पर चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट के 12 मामले दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद खैरुल अरमान पर हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे 8 संगीन मामले दर्ज हैं। मोहम्मद मामन पर 3 और मामो खान पर 1 आपराधिक मामला दर्ज है।
पॉश इलाकों में रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह पहले पॉश इलाकों में बड़े मकानों की रेकी करता था। वारदात को अंजाम देने के बाद ये फौरन बांग्लादेश भाग जाते थे। इस बार भी आरोपियों की योजना लूटपाट कर सीमा पार भागने की थी, लेकिन गुरुग्राम पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
https://www.indiatv.in/delhi/delhi-ncr-crime-news-4-bangladeshi-criminals-arrested-for-robbery-after-holding-a-family-hostage-2026-06-10-1224314