Stock Market Highlights 10 June, 2026: बुधवार को कारोबारी सत्र के आखिर में घरेलू शेयर बाजार लगभग सपाट स्तर पर बंद हुए। बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध ज्यादातर बड़े स्टॉक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। दिलचस्प बात यह रही कि बाजार ने दिन की शुरुआत मजबूती के साथ की थी और एक समय यह करीब 0.50 प्रतिशत से अधिक की बढ़त भी हासिल कर चुका था। लेकिन कारोबार के अंतिम चरण में बिकवाली का दबाव हावी हो गया, जिससे सारी बढ़त घुल गई।
बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स बुधवार को 64.42 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 73,983.18 अंकों पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 27.15 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 23,214.95 अंकों पर बंद हुआ।
आधे से ज्यादा शेयर लाल निशान में बंद
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से केवल 12 के शेयर ही बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हो सके, जबकि बाकी 18 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह निफ्टी 50 की 50 कंपनियों में से सिर्फ 16 के शेयर तेजी के साथ बंद हुए और शेष 34 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स की कंपनियों में एफएमसीजी दिग्गज हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर सबसे अधिक 1.70 प्रतिशत चढ़कर बंद हुए, जबकि एटरनल के शेयरों में सबसे ज्यादा 2.22 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
हरे निशान में बंद होने वाले प्रमुख शेयर
तेजी वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक 1.64 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.58 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.40 प्रतिशत, आईटीसी 1.30 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.16 प्रतिशत, एलएंडटी 1.06 प्रतिशत, सन फार्मा 0.48 प्रतिशत, पावर ग्रिड 0.40 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.28 प्रतिशत, टीसीएस 0.20 प्रतिशत और एसबीआई के शेयर 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
गिरावट के साथ बंद हुए ये शेयर
वहीं गिरावट वाले शेयरों की सूची में टाटा स्टील 1.99 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.59 प्रतिशत, टाइटन 1.48 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1.38 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.32 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.18 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.14 प्रतिशत, बीईएल 0.96 प्रतिशत, इन्फोसिस 0.90 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.79 प्रतिशत, ट्रेंट 0.70 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.53 प्रतिशत, इंडिगो 0.32 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.31 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.28 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.25 प्रतिशत और मारुति सुजुकी के शेयर 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
https://www.indiatv.in/paisa/market/stock-market-highlights-10-june-2026-stock-market-loses-early-gains-nifty-closes-in-the-red-2026-06-10-1224202