बिहार के बेगूसराय जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की राह खुलने जा रही है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत श्रम संसाधन विभाग के जिला नियोजनालय की ओर से 15 जून को संयुक्त श्रम भवन परिसर में एक दिवसीय विशेष जॉब कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड (Blink Commerce Pvt. Ltd.) विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
150 पदों पर होगा चयन, सुबह 11 बजे से पहले पहुंचने की अपील
यह जॉब कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। जिला नियोजनालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सुबह 11 बजे से पहले केंद्र पर पहुंचकर आवेदन करें। बेगूसराय और आसपास के जिलों के युवाओं के लिए इसे रोजगार का बेहतरीन मौका माना जा रहा है।
जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश के अनुसार, कंपनी वेयरहाउस एसोसिएट (Warehouse Associate) पद के लिए कुल 150 रिक्तियों पर भर्ती करेगी। इस प्रक्रिया में 10वीं पास या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले युवक और युवतियां हिस्सा ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
अहमदाबाद और बेंगलुरु में मिलेगी नियुक्ति
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को अहमदाबाद और बेंगलुरु में नियुक्ति दी जाएगी। अहमदाबाद के लिए 100 पद तय किए गए हैं, जहां चुने गए अभ्यर्थियों को 16,584 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके साथ ही कंपनी की ओर से हॉस्टल और लंच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं बेंगलुरु के लिए 50 पदों पर भर्ती होगी, जहां चयनित उम्मीदवारों को 23,558 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इस पैकेज में भी रहने के लिए हॉस्टल और भोजन की सुविधा शामिल रहेगी। इससे दूसरे राज्य में नौकरी करने वाले युवाओं को आवास और खाने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
जिला नियोजनालय के अधिकारियों पंकज राजपूत और राहुल कुमार ने बताया कि जॉब कैंप में शामिल होने के लिए नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर पंजीकरण कराना जरूरी है। बिना पंजीकरण वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में भाग लेने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला नियोजनालय केवल सेवा प्रदाता की भूमिका निभाएगा, जबकि अंतिम चयन कंपनी द्वारा किया जाएगा।
साथ लाने होंगे ये जरूरी दस्तावेज
कैंप में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंकपत्र और पासपोर्ट साइज के दो रंगीन फोटो साथ लेकर आना होगा। दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद ही आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/begusarai-job-opportunity-for-youth-who-have-passed-class-10-direct-recruitment-for-150-posts-in-begusarai-local18-10557397.html