बेटे पर जेंडर बदलवाने का बना रहा था दबाव... समलैंगिक विवाह करने वाले किशोर की मौत में चौंकाने वाला दावा

भिंड में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने उसके पार्टनर पर जेंडर परिवर्तन के लिए दबाव और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जबकि आरोपी ने खुद को बेगुनाह बताया है।

भिंड जिले की लाहर तहसील के जेल रोड इलाके में एक 17 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है। जांच में पता चला है कि फांसी लगाकर जान देने वाले इस नाबालिग ने कुछ समय पहले समलैंगिक विवाह किया था। अब उसके परिजनों का आरोप है कि बेटे पर जेंडर बदलवाने के लिए लगातार दबाव डाला जा रहा था।

कैसे सामने आई घटना

यह पूरा मामला 3 जून का है। जेल रोड निवासी 17 वर्षीय शिवम राठौर का शव दोपहर के वक्त उसके घर के भीतर फंदे से लटका हुआ मिला। मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी।

दो महीने पहले हुआ था समलैंगिक विवाह

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक शिवम राठौर ने करीब दो महीने पहले जनकपुरा निवासी रवि जाटव के साथ विवाह किया था। रवि जाटव बिजली कंपनी में मीटर रीडर के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे और पति-पत्नी की तरह अपना रिश्ता निभा रहे थे। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया कि दोनों इस रिश्ते को लेकर पूरी तरह सहमत थे।

परिजनों के गंभीर आरोप

शिवम की मौत के बाद उसके परिजनों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। मृतक के भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने रवि जाटव पर संगीन आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शिवम अभी नाबालिग था और रवि उस पर जेंडर बदलवाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

परिजनों के अनुसार, इसी मानसिक प्रताड़ना और दबाव के चलते शिवम ने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिवार ने रवि पर दुष्कर्म करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने की आशंका भी जताई है।

आरोपी पार्टनर का पक्ष

इन आरोपों पर रवि जाटव ने खुद को बेकसूर बताया है। उसका कहना है कि 30 मई को वह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। जब वह 1 जून को लौटा तो शिवम ने उससे दोबारा वापस जाने के लिए कहा। रवि के मुताबिक, इसके बाद शिवम का मोबाइल बंद आने लगा।

रवि का दावा है कि 3 जून को जब वह घर पहुंचा तो मकान अंदर से बंद था। उसने शिवम के छोटे भाई को बुलाकर दरवाजा खुलवाया, जहां शिवम फंदे से लटका मिला। रवि का कहना है कि परिजनों के आरोप पूरी तरह निराधार हैं और इस घटना से उसका कोई संबंध नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

लहार थाना पुलिस ने फिलहाल मामले को आत्महत्या मानते हुए मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhind-same-sex-marriage-teenager-death-case-family-sensational-allegations-partner-wants-get-gender-changed-local18-10557294.html