केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भारतीय जनता पार्टी उत्सव मना रही है। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सबसे अधिक दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित किया है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के विराजमान होने और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार को ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया है।
पत्र में क्या लिखा सीएम योगी ने
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी, राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित आपके 12 वर्षों के सफलतम कार्यकाल पर समस्त प्रदेशवासियों की ओर से आपको अनंत शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बनकर उभरा है।
सीएम योगी के अनुसार, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला का विराजमान होना और काशी विश्वनाथ धाम का सफल पुनरोद्धार जैसी उपलब्धियों के साथ-साथ "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र ने बीते 12 वर्षों में भारत के विकास को नई दिशा, नई गति और नया विश्वास दिया है। उन्होंने लिखा कि राष्ट्र ने सेवा, सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के नए प्रतिमान गढ़े हैं और इसी प्रेरणा से उत्तर प्रदेश भी जनकल्याण, सुशासन तथा समावेशी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित करते हुए 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। उन्होंने लिखा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 3 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगभग 65 लाख परिवारों को पक्का आवास मिला।
- आयुष्मान भारत योजना के तहत लगभग 10 करोड़ पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला।
- प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के जरिए लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली।
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रदेश के 3 करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और अन्य किसान हितैषी कार्यक्रमों ने कृषि उत्पादन, उत्पादकता तथा किसानों की आय बढ़ाने में अहम योगदान दिया है।
रोजगार और कौशल विकास में उपलब्धियां
सीएम योगी ने पत्र में रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने लिखा कि मिशन रोजगार के अंतर्गत 9 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है, जबकि कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए 25 लाख युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, निवेश आधारित औद्योगिक विकास, एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप तथा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिससे युवा शक्ति प्रदेश की विकास यात्रा की प्रमुख भागीदार बनी है।
आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने दिल्ली-मेरठ 12-लेन एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत (RRTS), देश के प्रथम इनलैंड वाटरवे, उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाले ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा वंदे भारत एवं नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्होंने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयां दी हैं।
सीएम योगी के अनुसार, अपनी विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे श्रृंखला के कारण उत्तर प्रदेश आज देशभर में 'एक्सप्रेस-वे प्रदेश' के रूप में स्थापित हो चुका है। स्मार्ट सिटी मिशन, आधुनिक हवाई अड्डों, मेट्रो परियोजनाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और औद्योगिक कॉरिडोर के विकास ने निवेश, व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
उन्होंने यह भी लिखा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश में रूल ऑफ लॉ की स्थापना हुई है और आज उत्तर प्रदेश माफिया-मुक्त, दंगा-मुक्त तथा भयमुक्त वातावरण की पहचान बन चुका है। व्यापारी, निवेशक, उद्योगपति और मातृशक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जबकि बेहतर कानून-व्यवस्था एवं निवेश-अनुकूल वातावरण ने प्रदेश को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल कर दिया है।
तीन गुना बढ़ी अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने पत्र में दावा किया कि इन प्रयासों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में भी लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है और बेरोजगारी दर लगभग 18 प्रतिशत से घटकर लगभग 3 प्रतिशत के स्तर पर आ गई है।
सीएम योगी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश आज वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से बढ़ रहा है और 'विकसित भारत' के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अंत में विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के प्रेरक नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में प्रदेश 'विकसित उत्तर प्रदेश' के निर्माण हेतु पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा तथा राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देता रहेगा।
https://www.indiatv.in/india/politics/pm-modi-government-completes-12-years-in-power-cm-yogi-adityanath-writes-to-him-know-details-here-2026-06-10-1224198