मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां पत्नी को ज्यादा देर मोबाइल चलाने से रोकना पति को महंगा पड़ गया। पति की रोक-टोक से नाराज पत्नी ने अपने भाइयों को घर बुला लिया और उनसे पति, देवर तथा सास की जमकर पिटाई करवा दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
जानकारी के अनुसार ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुरा गांव में रहने वाले 27 साल के लवकुश कुशवाहा ने अपने सालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में लवकुश ने बताया कि 8 जून को उसकी पत्नी शिल्पी कुशवाहा मोबाइल चला रही थी। इस पर उसने पत्नी से कुछ देर के लिए मोबाइल बंद करने को कहा।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उस समय घर के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन शिल्पी ने यह सारी बात अपने भाइयों को बता दी।
घर में घुसते ही डंडों से की मारपीट
लवकुश के मुताबिक, अगले दिन यानी 9 जून को उसकी पत्नी के भाई मुरैना निवासी शिवम कुशवाहा और अरुण कुशवाहा ग्वालियर पहुंचे और सीधे उसके घर आ धमके। दोनों ने घर में घुसते ही लवकुश, उसके भाई नरेश कुशवाहा और उसकी मां की डंडों से पिटाई कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद वहां से चले गए। घटना के बाद लवकुश अपने परिवार के साथ पुरानी छावनी थाने पहुंचा, जहां शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने क्या कहा
ग्वालियर के सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि मोबाइल चलाने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पत्नी ने पति पर बदसलूकी का आरोप भी लगाया है। उसने मुरैना से अपने भाइयों को बुलाया, जिसके बाद दोनों भाइयों ने पति, देवर और सास के साथ मारपीट की।
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/gwalior-wife-brothers-beaten-up-husband-and-his-family-members-police-files-fir-local18-10556025.html