फीफा वर्ल्ड कप अब भारत में Unite8 Sports पर, जी ने 2034 तक के प्रसारण अधिकार हासिल किए

जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने 2026 से 2034 तक होने वाले 39 फीफा टूर्नामेंटों के भारतीय प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार खरीद लिए हैं। प्रसारण 11 जून से फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मैच के साथ शुरू होगा।

भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। जी एंटरटेनमेंट ने सोमवार को फीफा विश्व कप 2026 के ब्रॉडकास्ट राइट्स खरीदने की घोषणा कर दी। यह टूर्नामेंट 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा। खास बात यह है कि फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब कुल 48 टीमें इस महाकुंभ में हिस्सा लेंगी।

2034 तक के 39 टूर्नामेंटों के अधिकार

जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने सोमवार को बताया कि उसने 2026 से 2034 तक होने वाले 39 फीफा टूर्नामेंटों के भारतीय प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार अपने नाम कर लिए हैं। इनमें फीफा विश्व कप 2026, फीफा विश्व कप 2030 और फीफा महिला विश्व कप 2027 जैसे बड़े आयोजन शामिल हैं।

किन चैनलों पर होगा प्रसारण

प्रसारण की शुरुआत 11 जून को फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मैच से होगी। इसके लिए चार नए लीनियर स्पोर्ट्स चैनल लॉन्च किए जा रहे हैं।

  • हिंदी में Unite8 Sports 1 और Unite8 Sports 1 HD
  • अंग्रेजी में Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD

इसके साथ ही दर्शक जी के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ZEE5 पर भी टूर्नामेंट के मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। यानी टेलीविजन और डिजिटल, दोनों माध्यमों पर फुटबॉल फैंस को फीफा वर्ल्ड कप का पूरा रोमांच मिलेगा।

https://hindi.news18.com/news/sports/football-zee-to-broadcast-fifa-world-cup-2026-in-india-launched-four-new-channels-including-unite8-sports-10530494.html