दो युवकों की सांप के डसने से मौत
बिहार के सीवान जिले के तरवारा थाना क्षेत्र में स्थित सुरवाला गांव में सांप के डसने से दो युवकों की मौत हो जाने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतकों की पहचान सोनू और मनीष के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव के लोगों में जहां गहरा भय देखने को मिला, वहीं आक्रोश भी साफ झलक रहा था।
पीपल के पेड़ में सांपों के बसेरे की आशंका
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच इतना डर बैठ गया कि उन्हें आशंका होने लगी कि पीपल के पेड़ की जड़ों में कई सांपों ने अपना ठिकाना बना रखा है। इसी डर के चलते लोगों ने जेसीबी मशीन मंगवाई और पेड़ को उखाड़ना शुरू कर दिया। जब पेड़ की जड़ों की खुदाई की गई तो वहां से दो सांप बाहर निकले, जिन्हें देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सपेरे ने पकड़े दोनों सांप
मामले की जानकारी मिलते ही एक सपेरे को बुलाया गया। सपेरे ने काफी मशक्कत के बाद दोनों सांपों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने कुछ राहत की सांस जरूर ली, लेकिन गांव में अब भी डर का माहौल बना हुआ है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को घरों से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में अक्सर सांपों के बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। वहीं प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने तथा सांप के काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
परिजनों में कोहराम
दोनों युवकों के असमय निधन से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/siwan-two-youths-die-from-snakebite-in-siwan-village-in-panic-bihar-saap-katne-ki-latest-news-local18-ws-kl-10555827.html