UPSC प्रीलिम्स आंसर-की जारी: upsc.gov.in से ऐसे करें डाउनलोड, जानें पूरी प्रक्रिया

संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 की आंसर-की जारी कर दी है, जिसे उम्मीदवार upsconline.nic.in और upsc.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। आपत्ति समीक्षा के बाद अंतिम आंसर-की और परिणाम जून के दूसरे सप्ताह में आने की संभावना है।

संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा (प्रारंभिक) 2026 की आंसर-की जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने यह परीक्षा दी थी, वे आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in और upsc.gov.in पर जाकर आंसर-की की PDF देख और डाउनलोड कर सकते हैं। यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को कराई गई थी और इसका स्तर मध्यम रहा था।

5.49 लाख उम्मीदवार हुए शामिल

उल्लेखनीय है कि 24 मई 2026 को देश के 83 शहरों में बनाए गए 2,072 केंद्रों पर यह प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 5.49 लाख उम्मीदवार शामिल हुए। आयोग के अंतिम आंकड़ों के मुताबिक कुल 8 लाख, 19 हजार, 732 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 67 प्रतिशत उम्मीदवारों ने परीक्षा दी।

आंसर-की डाउनलोड करने का तरीका

उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करके यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स 2026 की उत्तर कुंजी देख और डाउनलोड कर सकते हैं:

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in या upsc.gov.in पर जाएं।
  • यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स 2026 की आंसर-की के PDF लिंक पर क्लिक करें।
  • आंसर-की की PDF स्क्रीन पर डाउनलोड के लिए खुल जाएगी।
  • इस PDF फाइल को सेव कर लें और जरूरत के लिए उसका प्रिंट निकाल लें।

आंसर-की पर आपत्ति कैसे दर्ज करें

  • upsconline.nic.in या upsc.gov.in पर जाएं।
  • आंसर-की पर आपत्ति दर्ज करने के लिए ऑब्जेक्शन विंडो के लिंक पर क्लिक करें।
  • अब अपने लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज करें।
  • जिन प्रश्नों पर आपत्ति उठानी है, उन्हें चुनें।
  • अपना उत्तर और सहायक दस्तावेज (PDF) अपलोड करें।
  • आपत्ति विंडो का निर्धारित शुल्क जमा करें।
  • इसके बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें।
  • अंत में PDF फाइल को सेव कर लें और उसकी एक हार्ड कॉपी अपने पास रख लें।

परिणाम कब होंगे घोषित

प्रीलिम्स की आंसर-की पर मिलने वाली आपत्तियों की समीक्षा करने के बाद आयोग अंतिम आंसर-की और परिणाम जारी करेगा। संभावना है कि यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स की अंतिम आंसर-की और परिणाम जून के दूसरे सप्ताह में सामने आ सकते हैं। बीते वर्ष यूपीएससी प्रीलिम्स 2025 का परिणाम 25 मई को हुई परीक्षा के बाद 11 जून को घोषित किया गया था। अंतिम आंसर-की और परिणाम आने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in और upsc.gov.in पर अपना स्कोरकार्ड PDF रूप में देख और डाउनलोड कर सकेंगे।

https://www.indiatv.in/education/sarkari-naukri/upsc-cse-prelims-answer-key-out-upsc-prelims-answer-key-out-how-to-download-direct-link-2026-05-27-1221280