बिहार में हर साल होगी शिक्षकों की बड़ी भर्ती, जुलाई में निकलेगा विज्ञापन, जानें पूरा ब्योरा

बिहार सरकार अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने जा रही है, जिसके तहत हर साल करीब 20 हजार पदों पर भर्ती होगी और इसका विज्ञापन हर जुलाई में जारी किया जाएगा।

पटना: बिहार में आने वाले पांच वर्षों के दौरान एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसकी घोषणा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की है। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें शिक्षा मंत्री और एसीएस समेत कई बड़े अधिकारी शामिल हुए।

हर साल होगी शिक्षकों की नियुक्ति

सम्राट चौधरी ने जानकारी दी कि अगले पांच वर्षों में कुल एक लाख शिक्षकों की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों को नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए हर साल जुलाई के महीने में नियुक्ति से जुड़ा विज्ञापन जारी होगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया एक नियमित व्यवस्था के रूप में चलती रहे।

तबादले के लिए बनेगी पारदर्शी नीति

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षकों के स्थानांतरण को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार महिला शिक्षकों का तबादला यथासंभव उनके गृह जिले के अपने प्रखंड की गृह पंचायत के बगल वाली पंचायत में किया जाएगा, जबकि पुरुष शिक्षकों को उनके गृह जिले के अपने गृह प्रखंड से सटे प्रखंड में स्थानांतरित करने के लिए नीति तैयार की जाएगी।

इसके साथ ही यह भी तय किया गया है कि राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका के माध्यम से कराई जाए। इससे जहां एक ओर पोशाक की समुचित व्यवस्था होगी, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने को भी बढ़ावा मिलेगा।

अधिसूचना में देरी पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

बिहार में टीआरई-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा की अधिसूचना जारी होने में हो रही देरी के विरोध में बुधवार को कई अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया, जिन्हें पटना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी अशोक राजपथ से डाकबंगला चौराहे तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें पटना कॉलेज और बिहटा के पास रोककर हिरासत में लिया गया। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन केवल गर्दनीबाग में ही किए जा सकते हैं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।

इससे पहले पिछले सप्ताह हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 5,000 अज्ञात अभ्यर्थियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया था और चार लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि प्रदर्शनकारियों ने यातायात बाधित किया, बैरिकेड तोड़े और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। उल्लेखनीय है कि टीआरई-4 के माध्यम से 1.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने का मौका मिलेगा।

https://www.indiatv.in/education/naukri/samrat-choudhary-says-one-lakh-teachers-will-be-recruited-next-five-years-in-bihar-2026-05-22-1220268