NEET पेपर लीक के विवाद के बीच अब सीबीएसई की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पर भी सवाल उठने लगे हैं। 12वीं कक्षा के लिए रीवैल्यूएशन की प्रक्रिया आज से शुरू होनी थी, लेकिन इस संबंध में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रीवैल्यूएशन पोर्टल आज लाइव नहीं किया गया है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, अब इसे 1 जून तक शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पोर्टल को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए इसे 1 जून तक लाइव करने पर काम चल रहा है।
कितने छात्र चाहते हैं रीवैल्यूएशन?
उल्लेखनीय है कि 12वीं की रीवैल्यूएशन के लिए 4 लाख से ज्यादा छात्रों ने आवेदन किया है। 1 जून से यह प्रक्रिया आरंभ होगी और छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की जाएगी। दूसरी ओर, लखनऊ हाईकोर्ट में सीबीएसई के ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि जल्दबाजी में लागू की गई इस व्यवस्था ने लाखों छात्रों के परिणाम को संदेह के घेरे में ला दिया है।
जिन विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिका की जांच, अंकन या अंकों के जोड़ को लेकर कोई आपत्ति है, वे अब आवेदन कर सकेंगे। जिन छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर ली है, वे रीवैल्यूएशन प्रक्रिया के लिए आवेदन कर सकते हैं।
रीवैल्यूएशन के लिए आवेदन कैसे करें?
- सबसे पहले छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर Post Result Services या Verification & Re-evaluation सेक्शन को खोलें।
- लॉग इन करने के लिए अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड ID दर्ज करें।
आवेदन का प्रकार कैसे चुनें
- मार्क्स का वेरिफिकेशन
- रीवैल्यूएशन
- वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन दोनों
- विषय या विषयों का चयन करें
- यदि री-इवैल्यूएशन का मामला है, तो उन प्रश्न संख्याओं को चुनें जिनकी समीक्षा छात्र करवाना चाहते हैं।
- इसके बाद फीस का ऑनलाइन भुगतान करें और आवेदन पत्र जमा करें।
- कंफर्मेशन पेज को डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
फीस और नियम क्या हैं?
- मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए छात्रों को 100 रुपये फीस देनी होगी। लेकिन यदि कोई छात्र अपने उत्तर भी जांच करवाना चाहता है, तो उसे प्रति प्रश्न 25 रुपये फीस देनी होगी।
- यदि एक अंक भी बढ़ता है, तो बोर्ड इस प्रक्रिया की पूरी फीस वापस कर देगा।
- उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच के बाद अंक कम भी हो सकते हैं। यदि छात्र अधिक अंकों का हकदार है, तो उसके अंक बढ़ा दिए जाएंगे।
- अगर किसी गलती को सुधारने के कारण छात्र के अंक घटते हैं, तो उसी अनुसार अंक कम कर दिए जाएंगे।
https://www.indiatv.in/education/results/cbse-postpones-class-12-re-evaluation-portal-launch-to-june-1-2026-05-29-1221762